फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mbappe vs Haaland: फ्रांस-नॉर्वे के बीच महामुकाबला, आमने-सामने होंगे एमबाप्पे और हालंद; कब-कहां देखें यह मैच?

Thu, 25 Jun 2026 10:19 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, न्यूयॉर्क

सार

फीफा विश्वकप 2026 में शुक्रवार को फुटबॉल प्रेमियों की नजरें फ्रांस और नॉर्वे के बीच होने वाले मुकाबले पर टिकी होंगी। दोनों टीमें पहले ही राउंड ऑफ 32 में जगह पक्की कर चुकी हैं, लेकिन ग्रुप-आई में शीर्ष स्थान का फैसला अभी बाकी है। इस मैच का सबसे बड़ा आकर्षण किलियन एमबाप्पे और एरलिंग हालंद की टक्कर होगी। दोनों स्टार स्ट्राइकर टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में हैं और अब पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आमने-सामने उतरने जा रहे हैं।
विज्ञापन
1 of 8
एमबाप्पे बनाम हालंद - फोटो : Twitter

फीफा विश्वकप 2026 के ग्रुप चरण में कई बड़े मुकाबले देखने को मिले हैं, लेकिन फ्रांस और नॉर्वे के बीच होने वाले ग्रुप-आई के मुकाबले को लेकर उत्साह अलग ही स्तर पर है। दोनों टीमें पहले ही राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं, इसलिए बोस्टन स्टेडियम में होने वाला यह मैच ग्रुप-आई में शीर्ष स्थान तय करने वाला मुकाबला बन गया है।

हालांकि इस मैच की सबसे बड़ी कहानी दो सुपरस्टार स्ट्राइकर्स, किलियन एमबाप्पे और एरलिंग हालंद की टक्कर है। दिसंबर में जब विश्वकप का ड्रॉ हुआ था और फ्रांस और नॉर्वे को एक ही ग्रुप में रखा गया था, तभी से फुटबॉल फैंस इस मुकाबले का इंतजार कर रहे थे। अब दोनों खिलाड़ी शानदार फॉर्म में इस मैच में उतर रहे हैं।

विज्ञापन

2 of 8
इराक के खिलाफ एमबाप्पे - फोटो : IANS

टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत
फ्रांस और नॉर्वे दोनों ने अपने शुरुआती दो मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया। दोनों टीमों ने सेनेगल और इराक जैसी टीमों को आसानी से हराया। सबसे दिलचस्प बात यह रही कि एमबाप्पे और हालंद दोनों ने अपने-अपने पहले दो मैचों में दो-दो गोल किए। यही वजह है कि यह मुकाबला सिर्फ दो टीमों की लड़ाई नहीं, बल्कि दुनिया के दो सबसे खतरनाक स्ट्राइकरों की सीधी टक्कर बन गया है।

विज्ञापन

3 of 8
सेनेगल के खिलाफ हालंद - फोटो : IANS/FIFA.COM

पहली बार अंतरराष्ट्रीय मंच पर आमना-सामना
हालंद और एमबाप्पे क्लब फुटबॉल में एक-दूसरे के खिलाफ खेल चुके हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह उनकी पहली भिड़ंत होगी। 25 वर्षीय हालंद अपने पहले विश्वकप का आनंद ऐसे ले रहे हैं जैसे कोई बच्चा पहली बार किसी एंटरनेटमेंट पार्क में पहुंचा हो। दूसरी ओर 27 वर्षीय एमबाप्पे के लिए यह तीसरा विश्वकप है और वह इस मंच के अनुभवी खिलाड़ी बन चुके हैं। एमबाप्पे का विश्वकप रिकॉर्ड बेहद शानदार है। उन्होंने विश्वकप के 16 मैचों में 16 गोल किए हैं। विश्वकप इतिहास के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में उनसे आगे सिर्फ लियोनल मेसी हैं।

4 of 8
एर्लिंग हालंद - फोटो : FIFA.COM

दोनों खिलाड़ियों का सफर अलग-अलग
एमबाप्पे ने 2018 में फ्रांस को विश्व चैंपियन बनाया था और 2022 में उपविजेता रहे थे। इसके अलावा उन्होंने यूरो 2020 और यूरो 2024 में भी फ्रांस को नॉकआउट चरण तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं, हालंद पहली बार किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में खेल रहे हैं। हालांकि, उनके पास एक ऐसी उपलब्धि है जो अब तक एमबाप्पे के पास नहीं है। हालंद 2023 में मैनचेस्टर सिटी के साथ यूईएफए चैंपियंस लीग का खिताब जीत चुके हैं।

विज्ञापन

5 of 8
एमबाप्पे - फोटो : FIFA.COM

दो सुपरस्टार, लेकिन खेलने का अंदाज बिल्कुल अलग
हालांकि, दोनों दुनिया के सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइकरों में गिने जाते हैं, लेकिन उनकी खेलने की शैली एक-दूसरे से काफी अलग है। एमबाप्पे अपनी रफ्तार, ड्रिब्लिंग, रचनात्मकता और किसी भी डिफेंस को तोड़ने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं। वह खुद गोल करने के साथ-साथ गोल बनाकर देने में भी माहिर हैं। दूसरी तरफ हालंद पेनल्टी बॉक्स के बादशाह माने जाते हैं। ताकत, सीधे आक्रमण, गोल करने की अद्भुत क्षमता और लगातार मौके तलाशने की भूख उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उनकी रफ्तार भी उन्हें बेहद खतरनाक बनाती है।

रिकॉर्ड तोड़ना जैसे आदत बन गई हो
दोनों खिलाड़ी अपने-अपने देशों के सर्वकालिक शीर्ष गोल स्कोरर हैं।
 

  • एमबाप्पे: 100 मैचों में 60 अंतरराष्ट्रीय गोल
  • हालंद: 52 मैचों में 59 अंतरराष्ट्रीय गोल


हालंद ने एमबाप्पे की तुलना में लगभग आधे मैच खेलकर ही यह आंकड़ा हासिल किया है। क्लब स्तर पर भी दोनों का दबदबा कायम है। एमबाप्पे पिछले आठ सीजन से लगातार अपने लीग के शीर्ष गोल स्कोररों में शामिल रहे हैं। उन्होंने छह बार लीग-1 और दो बार ला लीगा में यह उपलब्धि हासिल की। वहीं हालंद पिछले चार में से तीन प्रीमियर लीग सीजन में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी रहे हैं।

विज्ञापन

6 of 8
हालंद और एमबाप्पे - फोटो : FIFA.COM

चैंपियंस लीग के टॉप स्कोरर भी रह चुके दोनों
दोनों खिलाड़ी दो-दो बार यूईएफए चैंपियंस लीग के शीर्ष गोल स्कोरर भी रह चुके हैं। एमबाप्पे ने पिछले सीजन रियल मैड्रिड के लिए खेलते हुए सबसे ज्यादा गोल किए थे। इससे पहले 2023-24 सीजन में भी वह (हैरी केन के साथ संयुक्त रूप से) टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर रहे थे, तब वह पेरिस सेंट-जर्मेन (पीएसजी) का हिस्सा थे। दूसरी ओर, हालंद 2020-21 सीजन में बोरूसिया डॉर्टमंड के लिए खेलते हुए चैंपियंस लीग के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बने थे। इसके बाद 2022-23 सीजन में मैनचेस्टर सिटी को खिताब जिताने के अभियान में भी उन्होंने सबसे ज्यादा गोल दागे थे।

पिछली भिड़ंतों में कौन आगे?
क्लब फुटबॉल में दोनों खिलाड़ी चार बार आमने-सामने आ चुके हैं।

  • एमबाप्पे की टीम को तीन जीत मिलीं
  • हालंद की टीम को एक जीत मिली


फॉर्म की बात करें तो दोनों जबरदस्त लय में हैं।

  • एमबाप्पे ने पिछले सीजन रियल मैड्रिड के लिए 42 गोल किए।
  • हालंद ने मैनचेस्टर सिटी के लिए 38 गोल दागे।
  • हालंद ने नॉर्वे के लिए पिछले आठ मैचों में 16 गोल किए हैं।
  • एमबाप्पे ने फ्रांस के लिए पिछले 10 मुकाबलों में 10 गोल किए हैं।
 

 

विज्ञापन

7 of 8
हालंद और एमबाप्पे - फोटो : FIFA.COM
मुकाबले से पहले क्या बोले दोनों सितारे?
हालंद ने 2021 में एमबाप्पे को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक बताया था। हालांकि विश्वकप के दौरान दोनों खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को लेकर ज्यादा बातें नहीं की हैं। इराक के खिलाफ मैच से पहले एमबाप्पे ने कहा, 'मैं इस समय हालंद के बारे में नहीं सोच रहा हूं। शायद वे हमारे बारे में सोच रहे होंगे, लेकिन मेरा पूरा ध्यान इराक पर है।' कुछ घंटों बाद हालंद ने फ्रांस के बारे में पूछे गए सवाल पर कहा, 'सच कहूं तो मुझे फ्रांस के खिलाफ खेलने को लेकर कोई खास चिंता नहीं है। वे शायद हमें हरा देंगे और टूर्नामेंट भी जीत जाएंगे।'

बोस्टन में होगी आतिशबाजी
मैदान के बाहर दोनों खिलाड़ी एक-दूसरे का सम्मान करते हैं, लेकिन बोस्टन स्टेडियम में जब ये दोनों सुपरस्टार आमने-सामने होंगे तो दुनिया की निगाहें इसी मुकाबले पर टिकी होंगी। ग्रुप-आई का शीर्ष स्थान दांव पर होगा और साथ ही यह भी तय होगा कि विश्व फुटबॉल के दो सबसे बड़े स्ट्राइकरों में इस बार कौन बाजी मारता है।
विज्ञापन

8 of 8
एमबाप्पे और हालंद - फोटो : ANI
मैच कहां देखें?
फ्रांस और नॉर्वे के बीच फीफा विश्वकप 2026 का यह हाई-वोल्टेज मुकाबला 27 जून (अमेरिकी समयानुसार 26 जून) को भारतीय समयानुसार रात 12:30 बजे खेला जाएगा। ग्रुप-आई में शीर्ष स्थान तय करने वाले इस मुकाबले में किलियन एमबाप्पे और एरलिंग हालंद पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आमने-सामने होंगे। भारत में फुटबॉल फैंस इस मैच का सीधा प्रसारण यूनाइट 8 स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं, इनमें यूनाइट8 स्पोर्ट्स 1, यूनाइट8 स्पोर्ट्स 1 एचडी, यूनाइट8 स्पोर्ट्स 2 और यूनाइट8 स्पोर्ट्स 2 एचडी चैनल शामिल हैं। जबकि मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग जी5 एप पर उपलब्ध रहेगी। दोनों स्टार स्ट्राइकर शानदार फॉर्म में हैं, ऐसे में यह मुकाबला विश्वकप 2026 के सबसे चर्चित मैचों में से एक माना जा रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें