88 साल पुराना रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त
- फ्रांस ने शुरुआत से ही स्वीडन पर लगातार हमले किए। एमबाप्पे और माइकल ओलीसे के शॉट पोस्ट से टकराए, लेकिन पहले हाफ के अंत में ओस्मान डेम्बेले के पास पर एमबाप्पे ने शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिलाई।
- दूसरे हाफ में ओलीसे के असिस्ट पर ब्रैडली बारकोला ने स्कोर 2-0 किया। इसके बाद एक बार फिर ओलीसे ने एमबाप्पे को मौका दिया और फ्रांसीसी कप्तान ने मैच का दूसरा तथा विश्व कप 2026 का छठा गोल दाग दिया।
- इसी गोल के साथ एमबाप्पे फीफा विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों में 10 गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने ब्राजील के महान खिलाड़ी लियोनिदास के आठ गोल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। यह रिकॉर्ड 1938 विश्व कप से चला आ रहा था। ब्राजील के रोनाल्डो नजारियो ने भी विश्वकप नॉकआउट में आठ ही गोल दागे थे।
अब मेसी के रिकॉर्ड पर नजर
एमबाप्पे के नाम अब विश्व कप इतिहास में कुल 18 गोल हो गए हैं। वह अर्जेंटीना के महान खिलाड़ी लियोनल मेसी के 19 गोल से सिर्फ एक गोल पीछे हैं। अब फ्रांस का मुकाबला पराग्वे से राउंड ऑफ-16 में है और एमबाप्पे के पास इस रिकॉर्ड की बराबरी या उसे पार करने का सुनहरा मौका होगा। सिर्फ गोल ही नहीं, एमबाप्पे का विश्व कप में प्रदर्शन लगातार असाधारण रहा है। उन्होंने सिर्फ 18 विश्व कप मैचों में 18 गोल दागे हैं, यानी लगभग हर मैच में एक गोल का औसत।
गोल्डन बूट की दौड़ भी रोमांचक
स्वीडन के खिलाफ दो गोल करने के बाद एमबाप्पे गोल्डन बूट की रेस में भी संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गए हैं। उनके और लियोनल मेसी, दोनों के छह-छह गोल हैं। नॉर्वे के एरलिंग हालैंड पांच गोल के साथ तीसरे स्थान पर हैं, जबकि ओस्मान डेम्बेले और विनीसियस जूनियर चार-चार गोल के साथ उनके पीछे हैं।
फीफा विश्व कप 2026 गोल्डन बूट रेस
| खिलाड़ी |
देश |
गोल |
| किलियन एमबाप्पे |
फ्रांस |
6 |
| लियोनल मेसी |
अर्जेंटीना |
6 |
| एरलिंग हालंद |
नॉर्वे |
5 |
| ओस्मान डेम्बेले |
फ्रांस |
4 |
| विनीशियस जूनियर |
ब्राजील |
4 |
डिडिएर डेशां ने भी रचा इतिहास
फ्रांस की इस जीत के साथ मुख्य कोच डिडिएर डेशां ने भी एक बड़ा कीर्तिमान बना दिया। वह फीफा विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा 18 जीत दर्ज करने वाले मैनेजर बन गए। उन्होंने जर्मनी के हेल्मुट शोन (16 जीत) को पीछे छोड़ दिया। इस सूची में लुइज फेलिपे स्कोलारी (14), मारियो जगालो (13) और जोआखिम लो (12) भी शामिल हैं।
विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा जीत वाले कोच
| कोच |
जीत |
| डिडिएर डेशां |
18 |
| हेल्मुट शोन |
16 |
| लुइज फेलिपे स्कोलारी |
14 |
| मारियो जगालो |
13 |
| जोआखिम लो |
12 |
एमबाप्पे की मौजूदा फॉर्म को देखते हुए इतना तय है कि वह सिर्फ गोल्डन बूट के सबसे बड़े दावेदार नहीं हैं, बल्कि विश्व कप इतिहास की कई और महान उपलब्धियों पर भी उनकी नजर है। अगर फ्रांस की यह जीत का सिलसिला जारी रहा, तो आने वाले मुकाबलों में कई और रिकॉर्ड टूटते दिखाई दे सकते हैं।