जापान के शिजूका में चल रहे सार्क फुटबाल टूर्नामेंट में जापान की फुटबाल एसोसिएशन अकादमी टीम ने भारत की अंडर-14 टीम को एक कड़े मुकाबले में पर ड्रा पर रोक दिया। भारतीय टीम के शुरुआत काफी अच्छी रही और टीम ने शुरूआत से ही मैच पर पकड़ बनाने की कोशिश की और इस तरह छठे मिनट में एक गोल करके बढ़त हासिल कर ली थी। भारत के आरोन की फ्री किक पर स्ट्राइकर कृष्णा थापा ने हेडर लगाते हुए उसे शानदार तरीके से गोल पोस्ट में पहुंचा दिया।
लेकिन मैच में पहले ही बढ़त हासिल कर चुकी भारतीय दबाव के सामने जेएफए अकादमी की टीम ने हार नहीं मानी और अच्छा खेल देखाते हुए अंतराल से ठीक पहले गोल दाग कर मैच में 1-1 की बराबरी कर ली। मैच के दूसरे हाफ में भारतीय टीम की ओर से कई जोरदार प्रयास किए गए लेकिन खिलाडी अपने प्रयासों को गोल में तब्दील करने में असफल रहे। भारतीय टीम ने जिस तरह का प्रदर्शन किया उसकी दर्शकों ने जमकर प्रशंसा की।
मैच को लेकर भारतीय टीम के मुख्य कोच साजिद डार ने कहा कि स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने भारतीय टीम के खेल की प्रशंसा की। हमें खुशी है कि हमारी टीम जापान की इतनी मजबूत टीम के सामने कहीं से कमजोर साबित नहीं हुई। इससे पहले मैच में भारतीय खिलाडियों ने भूटान पर 9-0 से जीत दर्ज की थी।