अर्जेंटीना के अलावा हालैंड और इटली अगले साल ब्राजील में होने वाले वर्ल्ड कप फुटबॉल के लिए अपने-अपने क्षेत्रों से क्वालीफाई करने वाली शुरुआती टीमें बन गई हैं।
स्टार स्ट्राइकर लियोन मेसी के दो बेहतरीन गोलों की मदद से पराग्वे को 5-2 से हराकर अर्जेंटीना ने फुटबॉल के सबसे बड़े टूर्नामेंट के लिए टिकट कटा लिया है।
मेसी ने दोनों हॉफ में पेनाल्टी पर गोल ठोक टीम को ब्राजील में होने वाली इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में आसानी से प्रवेश दिला दिया। निलंबन के कारण अर्जेंटीना की टीम में चार अहम खिलाड़ी नहीं खेल रहे थे।
पूर्व चैंपियन को क्वालीफाई करने के लिए मात्र एक अंक की जरूरत थी जो उसने हासिल कर दिखा दिया कि इस दक्षिण अमेरिकी टीम को खिताब का प्रबल दावेदारों में क्यों माना जा रहा है।
हालांकि दूसरे स्थान पर काबिज कोलंबिया की टीम उरूग्वे से 0-2 से हारकर क्वालीफाई करने से चूक गई।
यूरोप से इटली और हालैंड ने भी अपनी जगह पक्की कर ली है जबकि जर्मनी, स्विट्जरलैंड, इंग्लैंड और रूस भी क्वालीफाई करने के दहलीज पर आ गया है।
जर्मनी को वर्ल्ड कप के लिए टिकट कटाने के वास्ते अगले महीने घरेलू मैदान पर आयरलैंड को हराना होगा।
अमेरिका और कोस्टारिका ने भी कटाया टिकट
अमेरिका और कोस्टारिका की टीम भी क्वालीफाई करने में सफल रही। अमेरिका ने आसान मुकाबले में मैक्सिको को 2-0 से हराकर जबकि कोस्टारिका ने जमैका के साथ 1-1 से ड्रॉ खेलकर क्वालीफाई किया।
पनामा और होंडुरास के बीच मैच 2-2 की बराबरी पर छूटने के साथ ही अमेरिका और कोस्टारिका की जगह हो गई।
अमेरिका क्वालीफाइंग राउंड में 16 अंकों के साथ अपने ग्रुप में सबसे ऊपर रहा जबकि कोस्टारिका 15 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा।