अर्णब मंडल के 86वें मिनट में दागे नायाब गोल की बदौलत गत चैंपियन भारत ने मालदीव की कड़ी चुनौती पर 1-0 से काबू पाते हुए सैफ कप फुटबॉल चैंपियनशिप के फाइनल में प्रवेश कर लिया।
काठमांडू में खेले जा रहे सैफ कप के खिताब के लिए भारतीय टीम का मुकाबला अफगानिस्तान से होगा जिसे उसने 2011 में 4-0 से करारी शिकस्त देकर खिताब कब्जाया था।
छह बार का चैंपियन भारत इस जीत के साथ लगातार पांचवीं बार फाइनल में पहुंचा है।
कप्तान सुनील छेत्री के बगैर खेल रही भारतीय टीम को मालदीव को हराने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। लेकिन मैच समाप्ति से कुछ देर पहले 86वें मिनट में भारत के लिए अर्णब मंडल ने विजयी गोल दागकर टीम को जीत दिला दी।
हालांकि मालदीव ने निर्धारित समय के अंतिम चार मिनटों और उसके बाद इंजरी समय के छह मिनट में बराबरी का गोल करने की भरपूर कोशिश की लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने अपने किले का बखूबी बचाव कर लिया।
गोल करने की हताशा में मालदीव के दो खिलाड़ियों मोहम्मद रशीद और अली उमर को आखिरी मिनट में रेफरी से उलझने की कोशिश और बहस करने पर लाल कार्ड दिखाया गया।
मैच में आखिरी सीटी बजते ही भारतीय खिलाड़ियों ने राहत की सांस ली और भारतीय बेंच पर बैठे खिलाड़ी तथा कोच विम कोवरमेंस खुशी से उछल पड़े।