नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी के गोलकीपर टीपी रेहेनेश ने यहां इंडियन सुपर लीग (आईसीएल) फुटबॉल में मेजबान दिल्ली डायनामोस के जबरदस्त आक्रमण को विफल करते हुए उन्हें गोलरहित ड्रॉ खेलने के लिए मजबूर कर दिया।
इस मुकाबले को दिल्ली के आक्रमण बनाम नॉर्थईस्ट के बेहतरीन डिफेंस के बीच मुकाबला माना जा रहा था और इसमें बाजी मेहमान टीम के नाम रही।
पिछले मैच में चेन्नईयन एफसी को 4-1 से करारी शिकस्त देने वाली दिल्ली ने हालांकि इस बार भी हमले कम नहीं किए लेकिन वह नॉर्थईस्ट के गोलकीपर की अभेद दीवार नहीं भेद सके।
टीपी रेहेनेश ने 39वें मिनट में दिल्ली के कप्तान एलेक्सजेंद्रो डेल पियेरो का प्रयास बेकार किया तो 87वें और 90वें मिनट में स्ट्राइकर हाल मुलदर के लगातार दो हमले रोके। इस तरह दिल्ली को टूर्नामेंट में चार में से तीसरा मुकाबला ड्रा खेलना पड़ा।