फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

FIFA World Cup 2026: क्या पश्चिम एशिया में तनाव का फुटबॉल विश्व कप पर पड़ेगा असर? ईरान कर सकता है बहिष्कार

Sun, 01 Mar 2026 07:53 PM IST
Sovit Chaturvedi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

इस साल फुटबॉल विश्व कप का आयोजन होना है, लेकिन इस्राइल और अमेरिका द्वारा ईरान पर हमले के बाद बढ़े तनाव का असर इस वैश्विक टूर्नामेंट पर भी पड़ सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान इस टूर्नामेंट का बहिष्कार कर सकता है।
विज्ञापन
फीफा विश्व कप - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ईरान और अमेरिका के बीच तनाव का फीफा विश्व कप पर भी असर पड़ सकता है। फीफा विश्व कप 2026 का आयोजन अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा में 11 जून से 19 जुलाई तक होना है। अमेरिका और ईरान के तनाव उस वक्त बढ़ गया जब इस्राइल और अमेरिका ने शनिवार को ईरान पर हमला किया। रविवार को ईरान ने बताया कि इस हमले में उसके सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई की मृत्यु हो गई। 
विज्ञापन

तनाव से बढ़ी चिंता
  • इस्राइल और अमेरिका ने ईरान के खिलाफ संयुक्त सैन्य अभियान दूसरे दिन भी जारी रखा। ईरान ने भी इन हमलों के जवाब में पश्चिम एशिया क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया है।
  • खामेनेई की मृत्यु के बाद जिस तरह से इस संघर्ष ने नया मोड़ लिया है, उससे ऐसा माना जा रहा है कि तीनों ही देश कई दिनों तक जंग में उलझे रह सकते हैं।
  • जहां इस्राइल-अमेरिका क्षेत्र में अपने फाइटर जेट्स, ड्रोन्स और नौसैनिक ताकत से ईरान को घेरने की कोशिश में जुटे हैं, तो वहीं ईरान भी बैलिस्टिक मिसाइलों के जखीरे से पलटवार में जुटा है।
  • अब ईरान ने खतरों को भांपते हुए वैश्विक व्यापार के लिए सबसे संवेदनशील होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर दिया है।
  • माना जा रहा है कि ईरान का यह कदम पूरी दुनिया को बुरी तरह प्रभावित कर सकता है।

लगातार चौथी बार ईरान ने किया है क्वालिफाई
ईरान ने लगातार चौथी बार फीफा विश्व कप के लिए क्वालिफाई किया है। पिछले साल दिसंबर में वॉशिंगटन में हुए लॉटरी ड्रॉ में उसका नाम शामिल किया गया था। टीम को अपने सभी ग्रुप चरण के मैच अमेरिका में खेलने हैं। ईरान अपना पहला मैच 15 जून को लॉस एंजिल्स में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलेगा, जिसके बाद 21 जून को बेल्जियम के खिलाफ उसका दूसरा मैच होगा। इसके बाद ईरान 26 जून को मिस्र से भिड़ने के लिए सिएटल जाएगा। ईरान और अमेरिका-इजराइल के बीच जारी तनाव के बीच, ईरानी फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष मेहदी ताज ने कहा कि पिछले दो दिनों में जो कुछ हुआ है, उससे फीफा विश्व कप में अमेरिकी धरती पर खेलने पर विचार करना वास्तव में मुश्किल हो गया है। हालांकि, उन्होंने कहा कि अंतिम निर्णय आने वाले कुछ दिनों में लिया जाएगा और खेल प्रमुख अपना फैसला सुनाएंगे।

मेहदी ताज ने स्पेन के एक समाचार पत्र मार्का से बातचीत में कहा, 'जो कुछ हुआ और अमेरिका द्वारा किए गए उस हमले के बाद यह कहना मुश्किल है कि हम विश्व कप खेलने की उम्मीद कर सकते हैं। लेकिन इस बारे में खेल अधिकारियों को ही फैसला लेना होगा।' हाल के घटनाक्रमों के चलते ईरानी लीग को भी अगले आदेश तक निलंबित कर दिया गया है।
विज्ञापन

स्थिति पर फीफा की नजर
फीफा के महासचिव मैटियस ग्राफस्ट्रॉम ने पुष्टि की है कि अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल संघ बोर्ड (आईएफएबी) की बैठक वेल्स में हुई। उन्होंने कहा कि विश्व निकाय स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है। ग्राफस्ट्रॉम ने मीडिया से कहा, हमारी एक बैठक हुई और अभी विस्तार से कुछ कहना जल्दबाजी होगी। लेकिन हम दुनिया भर के सभी मुद्दों पर हो रहे घटनाक्रमों पर नजर रखेंगे। हमने वॉशिंगटन में फाइनल ड्रॉ आयोजित किया, जिसमें सभी टीमें शामिल थीं और हमारा पूरा ध्यान सभी टीमों की भागीदारी के साथ एक सुरक्षित विश्व कप पर है। हम हमेशा की तरह तीनों मेजबान सरकारों के साथ संवाद बनाए रखेंगे, जैसा कि हम करते हैं। सभी सुरक्षित रहेंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें