भारतीय फुटबॉल टीम का शनिवार को जॉर्डन के खिलाफ मुकाबला रद्द हो गया है। गोल डॉट कॉम की रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय टीम फ्लाइट की देरी के कारण स्थल पर तय समय में नहीं पहुंची। जानकारी मिली है कि बारिश के कारण फ्लाइट में देरी हुई, जिसकी वजह से भारतीय टीम शुक्रवार की देर रात अम्मान पहुंची।
15 सदस्यीय भारतीय टीम के कुछ सदस्य गुरुवार को ही अम्मान पहुंच चुके थे। हालांकि, सात भारतीय खिलाड़ी और अधिकारी भारी बारिश के कारण शुक्रवार की देर रात पहुंचे। खिलाड़ियों और अधिकारियों को कुवैत एयरपोर्ट पर 10 घंटे से अधिक रूकना पड़ा।
भारतीय टीम जिस फ्लाइट में बैठी थी, वह दोहा की तरफ भेजी गई थी। मगर देरी होने के कारण यह मैच इसलिए नहीं हो सकता क्योंकि जॉर्डन को मंगलवार को सऊदी अरब के खिलाफ मैच खेलना है। रिपोर्ट्स के मुताबिक खिलाड़ी और अधिकारी दोनों ही थके हुए नजर आए क्योंकि उन्हें इतना लंबा इंतजार करना पड़ा।
जॉर्डन फुटबॉल एसोसिएशन के पास मैच संशोधित करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है क्योंकि मंगलवार को सऊदी अरब के खिलाफ उसका मुकाबला होना है। ऐसे में भारतीय टीम के खिलाफ मैच रद्द होना संभव है। वैसे, भारतीय टीम के देर से पहुंचने के कारण शुक्रवार को मैच से पहले की कांफ्रेंस को भी रद्द करना पड़ा।
भारतीय टीम के लिए यह बेहद निराशाजनक खबर है, जो अपने कप्तान सुनील छेत्री के बिना मैदान संभालने वाली थी। जॉर्डन के खिलाफ भारतीय टीम का अंतिम में से दोस्ताना मुकाबला था क्योंकि अगले साल जनवरी से एएफसी कप शुरू हो जाएगा। एएफसी एशिया कप की शुरुआत अगले साल 6 जनवरी से होगी। इस मैच के रद्द होने से भारतीय टीम अपने खिलाड़ियों के चयन का मौका गंवा देगी।।
हालांकि, भारतीय टीम को दिसंबर में ओमान के खिलाफ भी एक दोस्ताना मैच खेलना है। इसके बाद वह एएफसी एशिया कप में हिस्सा लेगी। टीम इंडिया को संयुक्त अरब अमीरात, थाईलैंड और बहरीन के साथ ग्रुप-ए में रखा गया है। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 6 जनवरी को थाईलैंड के खिलाफ करेगी।