अगले साल होने वाले एएफसी एशियन कप से पहले भारतीय फुटबॉल टीम का ऊंची रैंकिंग वाले सऊदी अरब और चीन से अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच खेलना तय है। अखिल भारतीय फुटबॉल फेडरेशन (एआईएफएफ) के शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी।
एशियन कप 2019 पांच जनवरी से एक फरवरी तक यूएई में होगा। भारतीय टीम को यूएई, थाईलैंड और बहरीन के साथ ग्रुप ए में रखा गया है। एआईफएफ के महासचिव कुशाल दास ने कहा कि दोनों महासंघों के साथ बातचीत अंतिम चरण में है। हम उनसे बात कर रहे हैं और यह 90 फीसद तय है।
हम अक्टूबर-नवंबर में एक मैच देश में और एक विदेश में आयोजित करने की कोशिश कर रह हैं। रूस में चल रहे विश्व कप में खेल रही सऊदी अरब की टीम मौजूदा फीफा रैंकिंग में 67वें नंबर पर है, जबकि चीन 75वें स्थान पर है। भारतीय टीम 97वें स्थान, जबकि एशियन रीजन में वह 14वें नंबर पर है।
एशियन कप के लिए एशिया की 24 टीमों को छह ग्रुपों में बांटा गया है। मुंबई में हाल ही में आयोजित चार देशों का इंटर कॉन्टिनेंटल कप जीतने से सुनील छेत्री की अगुआई वाली भारतीय टीम का मनोबल काफी बढ़ गया है। भारत ने फाइनल में छेत्री के दो गोल से केन्या को 2-0 से हराया था।