फीफा अंडर-17 वर्ल्ड कप की मेजबानी कर रहे भारतीय टीम के मुख्य कोच लुइस नोर्टन डी मातोस ने कहा है कि हम जीतने के लिए ही खेलेंगे। मातोस ने कहा है कि उनकी टीम के पास टूर्नामेंट में खोने के लिये कुछ नहीं है लेकिन दुनिया को अपना दम दिखाने का मौका जरूर है।
मातोस ने कहा, 'हम इस टूर्नामेंट के लिए तैयार हैं। इसमें हम हर मैच में अपना ध्यान बनाए रखने के साथ-साथ सौ प्रतिशत देने की कोशिश करेंगे। हमें अपनी रणनीतिक योजनाओं को अच्छे से लागू करना होगा। कभी-कभी एक टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करना और न जीत पाना या अच्छा न खेल पाना एक बड़ा सवाल खड़ा कर देता है। इसलिए, हमें इन दोनों ही परिस्थितियों को मिलाकर खेलने की जरूरत है।
उन्होंने आगे कहा, हम कोशिश जरूर करेंगे और अच्छा प्रदर्शन करने का भरसक प्रयास करेंगे।'
पढ़ेंः- फीफा अंडर-17 वर्ल्ड कप: 'चक दे इंडिया' से प्रभावित चिली, कोच बोले- इस बार चिली करेगी 'चक दे'
गौरतलब है कि टीम ने हाल ही में मिडफील्डर अमरजीत सिंह कियाम को अपने कप्तान के रूप में चुना और कोच का मानना है कि टीम का हर खिलाड़ी जानता है कि विश्व कप में उनके देश का प्रतिनिधित्व करने का क्या अर्थ है। इसलिए वो अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।
बता दें कि भारत की मेजबानी में फीफा अंडर-17 विश्वकप का आयोजन 6 अक्टूबर से होने जा रहा है। फुटबाल के इतिहास में पहली बार फीफा अंडर-17 वर्ल्ड कप की मेजबानी कर रहे भारत का पहला मुकाबला 6 अक्टूबर को अमेरिकी टीम के खिलाफ होगा। भारतीय टीम विश्वकप के ग्रुप ए में शामिल है, जिनमें उनके साथ अमरीका, कोलंबिया, घाना को रखा गया है।
पढ़ेंः- मां बेचती है मछली और पिता कारपेंटर, मेहनत कर बेटा बना भारतीय टीम का कप्तान
कोच मातोस ने भरोसा जताया कि उनकी टीम विश्व की बड़ी टीमों का सामना करने के लिये तैयार है। साथ ही उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को हर मैच में पूरी तरह मौका लेकर खेलने की सलाह दी है। मेजबान होने के नाते भारतीय फुटबाल टीम पर बेहतर प्रदर्शन का दबाव भी है। उन्होंने कहा कि हमारे पास खोने के लिये कुछ नहीं है और जीतने के लिए सबकुछ है। यदि हम दुनिया को यह दिखा सकें कि हम उन्हीं की बराबरी पर हैं तो यही हमारे लिये सबसे बड़ी जीत होगी।