चार बार की लगातार चैंपियन भारतीय महिला टीम ने बुधवार को लगातार पांचवीं बार सैफ महिला फुटबॉल चैंपियनशिप के फाइनल का टिकट कटा लिया। भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में बांग्लादेश को एकतरफा मुकाबले में 4-0 से पराजित किया। अब खिताब के लिए भारतीय टीम का सामना रविवार को मेजबान नेपाल से होगा।
टीम अब तब तीन मैचों में 15 गोल दाग चुकी है। डालिमा छिब्बर ने 18वें मिनट में भारत का खाता खोला। इसके बाद इंदुमति काथीरेसन (23वें,37वें मिनट) ने दो गोल दागे। चौथा गोल मनीषा ने इंजुरी टाइम में किया।भारतीय टीम के लिए डालिमा ने मैच के 18वें मिनट में गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी।
इसके बाद इंदुमति ने 23वें मिनट में एक और गोल कर बढ़त दोगुनी कर दी। तीसरा गोल इंदुमति ने 37वें मिनट में किया। हाफ टाइम तक भारतीय टीम ने 3-0 की मजबूत बढ़त बना ली थी। मैच के दूसरे हाफ में भारत ने आक्रामक शुरुआत की और बांग्लादेश की रक्षापंक्ति को भेदने की पूरी कोशिश की। लेकिन भारतीय टीम इस शुरुआत को गोल में नहीं बदल पाई।
मैच के इंजुरी समय में बॉक्स के अंदर मौजूद मनीषा ने बेहतरीन गोल कर भारत को 4-0 की शानदार जीत दिला दी। मनीषा का टूर्नामेंट में यह पहला गोल था।