भारतीय फुटबॉल टीम अबु धाबी में एएफसी एशियन कप में अपने अभियान की शुरुआत करने से पहले 27 दिसंबर को ओमान के खिलाफ मुकाबला खेलेगी। एशियन कप जनवरी में यूएई के तीन शहरों में खेला जाएगा।
भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत छह जनवरी को थाईलैंड के खिलाफ करेगी। ओमान के खिलाफ भारत का यह मुकाबला इस टूर्नामेंट में भाग लेने वाली तीसरी टीम से होगा। इससे पहले भारतीय टीम ने चीन के खिलाफ उसके घर में गोल रहित ड्रॉ खेला, जबकि जॉर्डन से उसे 0-1 से शिकस्त का सामना करना पड़ा।
भारत पिछली बार ओमान से 2015 में फीफा 2018 विश्व कप क्वालिफायर में भिड़ा था और उसे बंगलूरू में 1-2 से, जबकि मस्कट में 0-4 से शिकस्त का सामना करना पड़ा था।