इंडियन एरोज ने शुक्रवार को पूर्व चैम्पियन आइजोल एफसी के साथ आईलीग फुटबाल टूर्नामेंट में शुक्रवार को गोल रहित ड्रॉ खेला। इस ड्रॉ से दोनों टीमों को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ेगा।
हाफ टाइम तक गेंद पर पकड़ के मामले में आइजोल की टीम आगे रही लेकिन इंडियन एरोज की युवा टीम ने गोल करने की ज्यादा कोशिश की। एरोज के युवा खिलाड़ियों ने गेंद पास करने के मामले में शानदार कौशल दिखाया लेकिन वे गोलपोस्ट के पास पहुंच कर चूक रहे थे। मैच के 41वें मिनट में अनवर अली के पास को रहीम अली गोल में नहीं बदल सके।
आइजोल के पास 50 और 52वें मिनट में गोल का मौका था लेकिन दोनों बार उनके खिलाड़ी चूक गए। मैच के 80वें मिनट में एरोज की टीम को एक और मौका मिला लेकिन बोरिस का किक गोलपोस्ट से टकरा गया।