खिताब के दावेदारों में शुमार रियल कश्मीर एफसी और ईस्ट बंगाल के बीच रविवार को होने वाला अहम आई लीग मुकाबला टीआरसी मैदान पर भारी बर्फबारी के कारण स्थगित हो गया। दोनों टीमें आई लीग खिताब की दावेदार हैं लेकिन मैदान के हालात को देखते हुए इस मैच को स्थगित करना पड़ा। अब इसकी नई तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी।
ईस्ट बंगाल क्लब ने अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा,‘श्रीनगर में खराब मौसम और पिच की हालत को देखते हुए हुए दस फरवरी को होने वाले मुकाबले को स्थगित कर दिया गया है। मैच की नई तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी।
रियल कश्मीर के सह मालिक संदीप चट्टू ने अपने फेसबुक पेज पर बर्फ से ढके मैदान की फोटो अपलोड की। रियल कश्मीर के 16 मैच में 32 अंक, जबकि ईस्ट बंगाल के 14 मैचों में 28 अंक हैं। रियल कश्मीर का गोकुलम केरल के खिलाफ पिछला मैच भी बर्फबारी और बारिश के बीच खेला गया था।