चार बार की चैम्पियन पाकिस्तान ने बुधवार को यहां पुरूष हॉकी विश्व कप के पूल डी में मलयेशिया से 1-1 से ड्रा खेला जिससे दोनों टीम नॉकआउट दौर में जगह बनाने की दौड़ में बरकरार हैं।
पाकिस्तान टीम ने 51वें मिनट में मोहम्मद अतीक के गोल से बढ़त हासिल की जिसने चार मिनट बाद मलयेशिया ने पेनल्टी कार्नर पर फैजल सारी के गोल की बदौलत बराबरी हासिल की, जिससे दोनों टीमें टूर्नामेंट में बनी हुई हैं।
इस ड्रॉ का मतलब है कि पाकिस्तान और मलयेशिया का नॉकआउट दौर की दौड़ में मौका बना हुआ है क्योंकि दोनों के दो दो मैचों में एक एक अंक हैं।
जर्मनी की टीम पूल में छह अंक लेकर नीदरलैंड और पाकिस्तान से आगे शीर्ष पर है। मलयेशियाई टीम खराब गोल अंतर के कारण अंतिम स्थान पर काबिज है।
पाकिस्तान को इससे पहले जर्मनी से एकमात्र गोल से हार मिली थी जबकि मलेशिया को नीदरलैंड ने 0-7 से पराजित किया था।
पाकिस्तानी टीम पूल मुकाबलों का अंत नौ दिसंबर को नीदरलैंड के खिलाफ मुकाबले से करेगी जबकि मलयेशिया का गोल अंतर माइनस सात है जिसे इसी दिन जर्मनी से कड़ी चुनौती मिलेगी।
दुनिया की 12वें नंबर की टीम और 13वें नंबर की पाकिस्तान के बीच मुकाबले में दोनों में कुछ भी चीज अलग नहीं थी।
मलयेशिया ने तीसरे ही मिनट में दो पेनल्टी कार्नर हासिल कर अच्छी शुरूआत की। लेकिन दोनों प्रयास विफल रहे।
फिर पाकिस्तान ने पेनल्टी कार्नर हासिल किया, पर अलीम बिलाल की ड्रैग फ्लिक को मलेशियाई गोलकीपर कुमार सुब्रमण्यम में गोल में तब्दील होने से रोक दिया।
मैच में दोनों गोल आखिरी क्वार्टर मे चार मिनट के भीतर हुए। कप्तान मोहम्मद रिजवान के लंबे पास पर अतीक मोहम्मद ने 51वें मिनट में बाएं से डी में घुसकर मलयेशिया के गोलरक्षक कुमार सुब्रमण्यम को छका गोल कर पाकिस्तान का खाता खोला।
फैजल सारी ने चार मिनट बाद मिले सातवें और आखिरी पेनाल्टी कॉर्नर पर गोलकर मलयेशिया को एक-एक की बराबरी दिला दी।