स्पेन के फुटबॉलर फर्नांडो टोरेस को अपने करिअर के आखिरी मैच में करारी हार झेलनी पड़ी। जापान लीग में टोरेस की टीम सागगन टासू को विसेल कोबे ने 6-1 से हराया। टोरेस ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि यह उनके पेशेवर करिअर का आखिरी मैच होगा। कोबे से खेलने वाले टोरेस के पूर्व साथी आंद्रेस इनिस्ता ने शानदार खेल दिखाया और एक गोल भी किया।
टोरेस पूरे मैच में एक भी गोल नहीं कर पाए और उनकी टीम का रक्षण भी पूरी तरह से बिखर गया। इंग्लिश क्लब लिवरपूल और चेल्सी से खेल चुके टोरेस ने अपने करिअर में यूरोपीय चैंपियंस लीग समेत कई खिताब जीते। उन्होंने एटलेटिको मैड्रिड में अपने करिअर की शुरुआत की थी और इटली के दिग्गज क्लब एसी मिलान के लिए भी खेले। वह पिछले साल जुलाई में जापानी क्लब से जुड़े थे। क्लब के साथ उनका करार दिसंबर तक था, लेकिन उन्होंने पहले संन्यास लेने का फैसला किया।