इंग्लैंड के फुल बैक टिनो लिवरामेंटो मंगलवार को पिंडली की चोट के कारण फुटबॉल विश्व कप से बाहर हो गए जिससे कोच थॉमस ट्यूशेल को क्रोएशिया के खिलाफ अपनी टीम के पहले मैच से ठीक पहले टीम में बदलाव करना पड़ा। चेल्सी के डिफेंडर ट्रेवो चालोबाह को उनकी जगह बुलाया गया है और वे कैनसस सिटी में इंग्लैंड के ट्रेनिंग शिविर में शामिल होने वाले हैं।
ट्रेनिंग के दौरान चोटिल हुए थे लिवरामेंटो
इंग्लिश फुटबॉल संघ ने बताया कि न्यूकासल के डिफेंडर लिवरामेंटो रविवार को ट्रेनिंग के दौरान चोटिल हो गए थे। एक बयान के अनुसार, 'सोमवार को हुए स्कैन और मेडिकल जांच से दुर्भाग्य से पुष्टि हुई कि वह (लिवरामेंटो) टूर्नामेंट में आगे इंग्लैंड की ओर से हिस्सा नहीं ले पाएंगे।' लिवरामेंटो को मुख्य रूप से उनकी बहुमुखी प्रतिभा के कारण चुना गया था क्योंकि वह राइट-बैक और लेफ्ट-बैक दोनों पोजीशन पर सहज थे। उन्हें मुख्य रूप से राइट-बैक पोजीशन पर अक्सर चोटिल होने वाले रीस जेम्स के बैकअप के तौर पर देखा जा रहा था।
चालोबाह ने हाल के सत्र में चेल्सी के लिए अधिकतर सेंटर-बैक के तौर पर खेला है लेकिन उन्हें राइट-बैक के तौर पर खेलने का भी अनुभव है। इंग्लैंड गुरुवार को क्रोएशिया के खिलाफ अपने पहले ग्रुप मैच के लिए डलास जा रहा है। टीमें अपने पहले मैच की शुरुआत से 24 घंटे पहले तक चोटिल खिलाड़ियों की जगह दूसरे खिलाड़ियों को बुला सकती हैं।
खिताबी सूखे को समाप्त करने उतरेगा इंग्लैंड
डिफेंस में दोनों तरफ खेलने वाले टीनो लिवरामेंटो जांघ की चोट के कारण टूर्नामेंट में पूरी तरह मैच-फिट नहीं थे। वह फ्लोरिडा में न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले के दूसरे हाफ में खेले थे, लेकिन कोस्टा रिका के विरुद्ध टीम के आखिरी वर्ल्ड कप वार्म-अप मैच के दौरान बेंच पर ही रहे। इंग्लैंड ने साल 1966 में अपना एकमात्र फीफा विश्व कप खिताब जीता था। यह टीम इस साल छह दशक के सूखे को समाप्त करने उतरेगी। इंग्लिश टीम ने साल 1990 और 2018 का सेमीफाइनल खेला था, लेकिन ट्रॉफी नहीं जीत सकी।
फीफा फीफा कप 2026 के लिए इंग्लैंड की टीम:
गोलकीपर: जॉर्डन पिकफोर्ड, डीन हेंडरसन, जेम्स ट्रैफर्ड।
डिफेंडर: रीस जेम्स, एजरी कोंसा, जैरेल क्वानसाह, जॉन स्टोन्स, मार्क गुएही, डैन बर्न, निको ओ'राइली, जेड स्पेंस, ट्रेवोह चालोबाह।
मिडफील्डर: डेक्लान राइस, इलियट एंडरसन, कोबी मेनू, जॉर्डन हेंडरसन, मॉर्गन रोजर्स, जूड बेलिंगहम, एबेरेची एजे।
फॉरवर्ड: हैरी केन, इवान टोनी, ओली वॉटकिंस, बुकायो साका, मार्कस रैशफोर्ड, एंथनी गॉर्डन, नोनी माडुके।