फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फीफा विश्वकप में कल क्या हुआ और आज क्या?: नेमार की वापसी; द. अफ्रीका ने रचा इतिहास; मोरक्को-ब्राजील नॉकआउट में

Thu, 25 Jun 2026 08:48 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, न्यूयॉर्क

सार

फीफा विश्वकप में ग्रुप चरण के अंतिम दौर में 15वें दिन छह मुकाबले खेले जाएंगे और सभी मैच नॉकआउट की तस्वीर तय करने में अहम होंगे। ग्रुप-ई में जर्मनी का सामना इक्वाडोर से होगा, जबकि आइवरी कोस्ट और कुरासाओ आमने-सामने होंगे। आइए 14वें दिन के नतीजे देखते हैं....
विज्ञापन
फीफा विश्वकप 206 - फोटो : FIFA.COM
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

फीफा विश्वकप 2026 का 14वां दिन रोमांच से भरपूर रहा। ब्राजील ने स्कॉटलैंड को 3-0 से हराकर नॉकआउट में जगह बनाई, जबकि नेमार ने चोट से वापसी करते हुए टूर्नामेंट में अपना पहला मैच खेला। मोरक्को ने हैती के खिलाफ शानदार वापसी करते हुए 4-2 से जीत दर्ज की। दूसरी ओर स्विट्जरलैंड ने कनाडा को हराकर ग्रुप-बी में शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि बोस्निया-हर्जेगोविना ने कतर को 3-1 से हराकर अगले दौर की उम्मीदें मजबूत कर लीं। वहीं, ग्रुप-ए में दक्षिण अफ्रीका ने दक्षिण कोरिया को हराकर इतिहास रच दिया और विश्वकप के इतिहास में पहली बार नॉकआउट में जगह बनाई। वहीं, मेक्सिको से हारकर चेकिया विश्वकप से बाहर हो चुका है।

विज्ञापन

फीफा विश्वकप 2026 - फोटो : ANI

ग्रुप चरण के आखिरी दौर में एक साथ हो रहे मुकाबले
फीफा विश्वकप 2026 के ग्रुप चरण के अंतिम दौर में अब एक ही समय पर दो मुकाबले खेले जा रहे हैं। फीफा ने ग्रुप स्टेज के आखिरी दौर में एक ग्रुप के दोनों मुकाबलों को एक साथ शुरू कराया है ताकि कोई भी टीम दूसरे मैच के परिणाम का फायदा न उठा सके।

विनीशियस - फोटो : ANI

नेमार की वापसी, ब्राजील ने स्कॉटलैंड को हराया
 

  • पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील ने स्कॉटलैंड को 3-0 से हराकर नॉकआउट चरण में प्रवेश कर लिया। स्टार विंगर विनीशियस जूनियर ने दो गोल दागकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। विनीशियस ने मैच के सातवें मिनट में पहला गोल किया और फिर हाफ टाइम से ठीक पहले दूसरा गोल दाग दिया। उनके साथ मैथियस कुन्हा ने भी एक गोल किया।
  • इस मुकाबले की सबसे बड़ी खबर नेमार की वापसी रही। पिंडली की चोट के कारण शुरुआती दो मैच नहीं खेल पाने वाले नेमार 76वें मिनट में मैदान पर उतरे। स्टेडियम में मौजूद ब्राजीलियाई प्रशंसकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। ब्राजील ने ग्रुप-सी में शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि स्कॉटलैंड एक बार फिर ग्रुप चरण से आगे बढ़ने में नाकाम रहा।
 

मोरक्को बनाम हैती - फोटो : ANI
मोरक्को ने हैती के सपनों पर फेरा पानी
 
  • मोरक्को ने हैती को 4-2 से हराकर ग्रुप-सी में दूसरे स्थान के साथ नॉकआउट दौर में जगह बना ली। हैती ने मुकाबले में दो बार बढ़त हासिल की थी। लेनी जोसेफ ने 10वें मिनट में गोल कर अपनी टीम को आगे कर दिया। इसके बाद अचरफ हाकिमी ने 39वें मिनट में बराबरी दिलाई, लेकिन कुछ ही मिनट बाद विल्सन इसिडोर ने फिर हैती को बढ़त दिला दी।
  • हालांकि मोरक्को ने हार नहीं मानी। इस्माइल सैबारी ने हाफ टाइम से पहले स्कोर 2-2 कर दिया। इसके बाद स्थानापन्न खिलाड़ी सूफियान रहीमी ने 78वें मिनट में निर्णायक गोल किया और 89वें मिनट में गेस्सीम यासीन ने चौथा गोल दागकर हैती की उम्मीदें समाप्त कर दीं। कतर विश्वकप 2022 की सेमीफाइनलिस्ट मोरक्को टीम ने एक बार फिर साबित किया कि वह इस बार भी लंबी दौड़ तय करने की क्षमता रखती है।
 

ग्रुप C अंक तालिका

टीम मैच जीत ड्रॉ हार गोल किए गोल खाए गोल अंतर अंक
ब्राजील 3 2 1 0 7 1 +6 7
मोरक्को 3 2 1 0 6 3 +3 7
स्कॉटलैंड 3 1 0 2 1 4 -3 3
हैती 3 0 0 3 2 8 -6 0

स्विटजरलैंड बनाम कनाडा - फोटो : ANI
स्विट्जरलैंड ग्रुप-बी का बादशाह, कनाडा दूसरे स्थान पर
 
  • स्विट्जरलैंड ने कनाडा को 2-1 से हराकर ग्रुप-बी में पहला स्थान हासिल किया। पहले हाफ में दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं, लेकिन दूसरे हाफ की शुरुआत होते ही रुबेन वर्गास ने स्विट्जरलैंड को बढ़त दिला दी। इसके बाद युवा स्टार जोहान मंजाम्बी ने 57वें मिनट में दूसरा गोल करके टीम की स्थिति मजबूत कर दी।
  • कनाडा के लिए प्रॉमिस डेविड ने 76वें मिनट में एक गोल लौटाया, लेकिन टीम बराबरी नहीं कर सकी। हार के बावजूद कनाडा पहली बार विश्वकप के नॉकआउट चरण में पहुंचने में सफल रहा। हालांकि वह अपने घरेलू मैदान वैंकूवर में अगला मुकाबला खेलने का मौका गंवा बैठा।

बोस्निया-हर्जेगोविना बनाम कतर - फोटो : ANI

बोस्निया की ऐतिहासिक उम्मीदें बरकरार
 

  • बोस्निया-हर्जेगोविना ने कतर को 3-1 से हराकर अगले दौर में पहुंचने की उम्मीदों को मजबूत किया। 18 वर्षीय केरिम अलाजबेगोविच ने 29वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद कतर के सुल्तान अल-ब्राके के आत्मघाती गोल से स्कोर 2-0 हो गया।
  • कतर ने हसन अल हायदोस के गोल से वापसी की कोशिश की, लेकिन 80वें मिनट में एरमिन महमिक ने तीसरा गोल कर मुकाबला समाप्त कर दिया। ग्रुप में तीसरे स्थान पर रहने वाली बोस्निया अब सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान वाली टीमों में शामिल होकर राउंड ऑफ 32 में जगह बनाने की प्रबल दावेदार है।
 

ग्रुप B अंक तालिका

टीम मैच जीत ड्रॉ हार गोल किए गोल खाए गोल अंतर अंक
स्विट्जरलैंड 3 2 1 0 7 3 +4 7
कनाडा 3 1 1 1 8 3 +5 4
बोस्निया-हर्जेगोविना 3 1 1 1 5 6 -1 4
कतर 3 0 1 2 2 10 -8 1

जश्न मनाती द. अफ्रीका की टीम और गोल दागने के बाद मासेको - फोटो : FIFA.COM
दक्षिण अफ्रीका पहली बार नॉकआउट में
 
  • ग्रुप-ए के निर्णायक मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने दक्षिण कोरिया को 1-0 से हराकर इतिहास रच दिया। 63वें मिनट में थापेलो मासेको ने मैच का इकलौता गोल दागकर अपनी टीम को जीत दिलाई और दक्षिण अफ्रीका को पहली बार फीफा विश्वकप के नॉकआउट चरण में पहुंचा दिया।
  • मासेको ने दक्षिण कोरिया के खिलाफ विजयी गोल दागकर इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया। 22 साल 225 दिन की उम्र में गोल करने वाले मासेको अब फीफा विश्वकप में दक्षिण अफ्रीका के लिए गोल करने वाले दूसरे सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं।
  • इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहा और अब राउंड ऑफ 32 में रविवार को लॉस एंजिलिस में सह-मेजबान कनाडा से भिड़ेगा। कोरिया को नॉकआउट कनफर्म करने के लिए बस ड्रॉ की जरूरत थी, लेकिन टीम उसमें विफल रही।
  • दिलचस्प बात यह रही कि दक्षिण कोरिया ने पूरे मैच में 69 प्रतिशत गेंद पर कब्जा रखा और 672 पास पूरे किए, लेकिन वह अपनी बढ़त को गोल में नहीं बदल सका। दूसरी ओर दक्षिण अफ्रीका ने सीमित मौकों का बेहतर इस्तेमाल किया और इतिहास रच दिया।
  • हालांकि, हार के बावजूद दक्षिण कोरिया की उम्मीदें पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं। टीम ग्रुप में तीसरे स्थान पर रही है और अब उसकी नजरें अन्य ग्रुपों के नतीजों पर टिकी रहेंगी। अगर वह आठ सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान वाली टीमों में शामिल रहती है, तो नॉकआउट चरण का टिकट हासिल कर सकती है।

मेक्सिको की टीम - फोटो : FIFA.COM
मेक्सिको ने चेकिया को बाहर किया
 
  • ग्रुप-ए के दूसरे मुकाबले में सह-मेजबान मेक्सिको ने दूसरे हाफ में शानदार प्रदर्शन करते हुए चेकिया को 3-0 से हरा दिया। पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली और कोई गोल नहीं हुआ, लेकिन दूसरे हाफ में मेक्सिको ने पूरी तरह मैच पर कब्जा जमा लिया।
  • 55वें मिनट में मातेओ चावेज ने राउल जिमेनेज के पास पर शानदार गोल कर मेक्सिको का खाता खोला। इसके महज छह मिनट बाद जूलियन क्विन्योनेस ने चेकिया की रक्षापंक्ति की गलती का फायदा उठाते हुए दूसरा गोल दाग दिया।
  • इसके बाद स्टेडियम में जश्न का माहौल और बढ़ गया, जब विश्वकप का छठा संस्करण खेल रहे दिग्गज गोलकीपर गिलर्मो ओचोआ को 78वें मिनट में मैदान पर उतारा गया। यह उनके करियर का 153वां अंतरराष्ट्रीय मैच था।
  • स्टॉपेज टाइम में अल्वारो फिदाल्गो ने तीसरा गोल कर जीत पर मुहर लगा दी। इस शानदार जीत के साथ मेक्सिको ने पहली बार विश्वकप के ग्रुप चरण में सभी मुकाबले जीतकर 'परफेक्ट ग्रुप स्टेज' पूरा किया। वहीं, 20 साल बाद विश्वकप में लौटी चेकिया की टीम का सफर ग्रुप चरण में ही समाप्त हो गया और उसे टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा।
 

ग्रुप A अंक तालिका

टीम मैच जीत ड्रॉ हार गोल किए गोल खाए गोल अंतर अंक
मेक्सिको 3 3 0 0 6 0 +6 9
दक्षिण अफ्रीका 3 1 1 1 2 3 -1 4
दक्षिण कोरिया 3 1 0 2 2 3 -1 3
चेकिया 3 0 1 2 2 6 -4 1
विज्ञापन

नेमार की मैदान पर वापसी - फोटो : FIFA.COM
इस बार नॉकआउट में कैसे पहुंचेगी टीमें?
फीफा विश्वकप 2026 में पहली बार 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इन टीमों को 12 ग्रुपों में बांटा गया है। हर ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सीधे राउंड ऑफ 32 में पहुंचेंगी। इसके अलावा सभी 12 ग्रुपों में तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों में से सर्वश्रेष्ठ आठ टीमों को भी नॉकआउट चरण का टिकट मिलेगा। यानी कुल 24 टीमों के साथ आठ सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान वाली टीमें मिलकर राउंड ऑफ 32 का गठन करेंगी।

फीफा विश्वकप 2026: 15वें दिन का शेड्यूल (भारतीय समय)
ग्रुप मुकाबला समय (IST)
E कुरासाओ vs आइवरी कोस्ट रात 1:30 बजे (26 जून)
E इक्वाडोर vs जर्मनी रात 1:30 बजे (26 जून)
F ट्यूनीशिया vs नीदरलैंड्स सुबह 4:30 बजे (26 जून)
F जापान vs स्वीडन सुबह 4:30 बजे (26 जून)
D तुर्किये vs अमेरिका सुबह 7:30 बजे (26 जून)
D पराग्वे vs ऑस्ट्रेलिया सुबह 7:30 बजे (26 जून)

फीफा विश्वकप 2026: 16वें दिन का शेड्यूल (भारतीय समय)
ग्रुप मुकाबला समय (IST)
I नॉर्वे vs फ्रांस रात 12:30 बजे (27 जून)
I सेनेगल vs इराक रात 12:30 बजे (27 जून)
H काबो वर्डे vs सऊदी अरब सुबह 5:30 बजे (27 जून)
H उरुग्वे vs स्पेन सुबह 5:30 बजे (27 जून)
G न्यूजीलैंड vs बेल्जियम सुबह 8:30 बजे (27 जून)
G मिस्र vs ईरान सुबह 8:30 बजे (27 जून)

फीफा विश्वकप 2026:17वें दिन का शेड्यूल (भारतीय समय)
ग्रुप मुकाबला समय (IST)
L पनामा vs इंग्लैंड रात 2:30 बजे (28 जून)
L क्रोएशिया vs घाना रात 2:30 बजे (28 जून)
K कोलंबिया vs पुर्तगाल सुबह 5:00 बजे (28 जून)
K डीआर कांगो vs उजबेकिस्तान सुबह 5:00 बजे (28 जून)
J अल्जीरिया vs ऑस्ट्रिया सुबह 7:30 बजे (28 जून)
J जॉर्डन vs अर्जेंटीना सुबह 7:30 बजे (28 जून)
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें