फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फीफा विश्वकप में कल क्या हुआ और आज क्या?: ब्राजील-मोरक्को जीते; अमेरिका नॉकआउट में; तुर्किये विश्वकप से बाहर

Sat, 20 Jun 2026 10:49 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, न्यूयॉर्क

सार

फीफा विश्वकप 2026 के नौवें दिन अमेरिका ने ऑस्ट्रेलिया को 2-0 से हराकर नॉकआउट चरण में जगह पक्की कर ली। स्टार खिलाड़ी क्रिश्चियन पुलिसिच की गैरमौजूदगी के बावजूद अमेरिकी टीम ने दमदार प्रदर्शन किया। दूसरी ओर मोरक्को ने इस्माइल साइबारी के रिकॉर्ड गोल की बदौलत स्कॉटलैंड को 1-0 से हराकर ग्रुप-सी में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। वहीं ब्राजील और हैती के बीच मुकाबला जारी है। 
विज्ञापन
फीफा विश्वकप 2026 - फोटो : FIFA.COM
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

फीफा विश्वकप 2026 में नौवें दिन कई अहम मुकाबलों ने नॉकआउट की तस्वीर को और साफ कर दिया। मेजबान अमेरिका ने अपने सबसे बड़े सितारे क्रिश्चियन पुलिसिच के बिना मैदान में उतरकर ऑस्ट्रेलिया को 2-0 से हराया और अंतिम-32 में जगह सुनिश्चित कर ली। दूसरी ओर मोरक्को ने स्कॉटलैंड के खिलाफ शानदार जीत दर्ज करते हुए अपने ग्रुप में बढ़त हासिल कर ली। इस बीच ब्राजील और हैती के बीच मुकाबला जारी है, जिस पर दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसकों की नजरें टिकी हुई हैं। ब्राजील ने कून्या के दो गोल की बदौलत हाइफटाइम तक हैती पर 3-0 की बढ़त हासिल कर ली थी। यही बढ़त निर्णायक साबित हुई और ब्राजील ने जीत हासिल की। अब तुर्किये का सामना पैराग्वे से होना है।
विज्ञापन


अमेरिका बनाम ऑस्ट्रेलिया - फोटो : ANI
पुलिसिच के बिना भी अमेरिका का दमदार प्रदर्शन
अमेरिकी टीम के लिए यह मुकाबला आसान नहीं माना जा रहा था क्योंकि टीम के स्टार फॉरवर्ड क्रिश्चियन पुलिसिच चोट के कारण उपलब्ध नहीं थे। इसके बावजूद अमेरिका ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। मैच के 11वें मिनट में फोलारिन बालोगुन के शानदार मूव ने ऑस्ट्रेलिया के डिफेंडर कैमरून बर्गेस पर दबाव बनाया और गेंद उनके ही गोल में चली गई। इस आत्मघाती गोल की मदद से अमेरिका ने शुरुआती बढ़त हासिल कर ली।

पहले हाफ के अंत से ठीक पहले 43वें मिनट में युवा खिलाड़ी एलेक्स फ्रीमैन ने सेट पीस पर शानदार हेडर लगाकर स्कोर 2-0 कर दिया। वीडियो समीक्षा के बाद गोल को मंजूरी मिली और अमेरिका ने मुकाबले पर मजबूत पकड़ बना ली। पूरे मैच में ऑस्ट्रेलिया वापसी नहीं कर सका और अमेरिका ने महत्वपूर्ण जीत दर्ज कर ली।

अमेरिका बनाम ऑस्ट्रेलिया - फोटो : ANI
पहली बार सिर्फ दो मैचों में नॉकआउट में पहुंचा अमेरिका
यह उपलब्धि अमेरिकी फुटबॉल के लिए बेहद खास है। विश्वकप इतिहास में पहली बार अमेरिका ने सिर्फ दो मुकाबलों के बाद ही नॉकआउट चरण में प्रवेश सुनिश्चित किया है। 1994 में जब अमेरिका ने विश्वकप की मेजबानी की थी, तब टीम सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान वाली टीमों में शामिल होकर अगले दौर में पहुंची थी। इस बार हालांकि उसने अपने प्रदर्शन के दम पर सीधे राउंड ऑफ 32 का टिकट हासिल किया है।

साइबारी के रिकॉर्ड गोल से मोरक्को की जीत
बोस्टन स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मोरक्को ने स्कॉटलैंड को 1-0 से हराकर बड़ी जीत दर्ज की। मैच की शुरुआत होते ही इस्माइल साइबारी ने ब्राहिम डियाज के सटीक पास को नियंत्रित करते हुए स्कॉटिश गोलकीपर एंगस गन को छकाया और गेंद को नेट की छत में पहुंचा दिया। यह गोल कई मायनों में ऐतिहासिक साबित हुआ। यह फीफा विश्वकप 2026 का अब तक का सबसे तेज गोल है और साथ ही विश्वकप में मोरक्को का सबसे तेज गोल भी बन गया।

मोरक्को बनाम स्कॉटलैंड - फोटो : ANI
दूसरे हाफ में भी मोरक्को का दबदबा
गोल के बाद भी मोरक्को लगातार आक्रमण करता रहा। साइबारी दूसरे गोल के करीब पहुंचे लेकिन उनका शॉट बार से टकरा गया। बिलाल एल खन्नूस और अचरफ हाकिमी ने भी कई मौके बनाए। एक अवसर पर एल खन्नूस लगभग गोल करने वाले थे, लेकिन स्कॉटलैंड के गोलकीपर एंगस गन ने शानदार बचाव किया। आखिरी 15 मिनट में स्कॉटलैंड ने वापसी की कोशिश की। जॉन मैकगिन, बेन गैनन-डोक और स्कॉट मैकटोमिने ने लगातार हमले किए, लेकिन मोरक्को की रक्षा पंक्ति ने कोई गलती नहीं की और टीम ने 1-0 की बढ़त बरकरार रखी।

साइबारी ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड
इस गोल के साथ इस्माइल साइबारी ने एक खास उपलब्धि हासिल कर ली। वह विश्वकप में अपने पहले दो मैचों में गोल करने वाले सिर्फ दूसरे अफ्रीकी खिलाड़ी बने हैं। उनसे पहले यह कारनामा मिस्र के स्टार खिलाड़ी मोहम्मद सलाह ने 2018 विश्वकप में किया था। साइबारी को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी भी चुना गया।

मोरक्को बनाम स्कॉटलैंड - फोटो : ANI
ब्राजील ने हैती को 3-0 से हराया
ब्राजील ने फीफा विश्वकप 2026 में अपना दमदार प्रदर्शन जारी रखते हुए हैती को 3-0 से हरा दिया। इस जीत के साथ ब्राजील ने ग्रुप-सी में महत्वपूर्ण तीन अंक हासिल किए और नॉकआउट की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत कर ली। शुरुआत से ही ब्राजील ने गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और लगातार आक्रामक खेल दिखाया, जिसका फायदा उसे तीन गोलों के रूप में मिला। दूसरी ओर हैती की टीम ब्राजील की तेज आक्रमण पंक्ति के सामने संघर्ष करती नजर आई और मैच में वापसी नहीं कर सकी। ब्राजील की ओर से कून्या ने दो गोल किए, जबकि विनीशियस ने एक गोल किया।

ग्रुप C अंक तालिका
टीम मैच जीत ड्रॉ हार गोल किए गोल खाए गोल अंतर अंक
ब्राजील 2 1 1 0 4 1 +3 4
मोरक्को 2 1 1 0 2 1 +1 4
स्कॉटलैंड 2 1 0 1 1 1 0 3
हैती 2 0 0 2 0 4 -4 0

गोल के बाद गालार्जा और हार के बाद तुर्किये के खिलाड़ी - फोटो : FIFA.COM
पैराग्वे बनाम तुर्किये
10 खिलाड़ियों के साथ पूरा दूसरा हाफ खेलने के बावजूद पैराग्वे ने शानदार जुझारूपन दिखाते हुए तुर्किये को 1-0 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। मैच का एकमात्र गोल माटियास गालार्जा ने सिर्फ 64 सेकंड में दागा, जो विश्वकप इतिहास में पैराग्वे का दूसरा सबसे तेज और फीफा विश्वकप 2026 का अब तक का सबसे तेज गोल बन गया।

पहले हाफ के इंजुरी टाइम में मिगुएल अल्मिरोन को विवादास्पद रेड कार्ड मिलने के बाद पैराग्वे को पूरे दूसरे हाफ में 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा, लेकिन टीम ने शानदार रक्षात्मक प्रदर्शन करते हुए बढ़त बरकरार रखी।

दूसरी ओर यूरोपीय प्ले-ऑफ के जरिए विश्वकप में पहुंची और ग्रुप-डी जीतने की दावेदार मानी जा रही तुर्किये लगातार दूसरी हार के साथ टूर्नामेंट से बाहर हो गई। वहीं अमेरिका ग्रुप विजेता के रूप में अगले दौर में पहुंच गया, जबकि माटियास गालार्जा को उनके निर्णायक गोल के लिए मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।

ग्रुप D अंक तालिका
टीम मैच जीत ड्रॉ हार गोल किए गोल खाए गोल अंतर अंक
अमेरिका 2 2 0 0 6 1 +5 6
ऑस्ट्रेलिया 2 1 0 1 2 2 0 3
पैराग्वे 2 1 0 1 2 4 -2 3
तुर्किये 2 0 0 2 0 3 -3 0
विज्ञापन

नौवें दिन के हीरो कून्या, साइबरी, फ्रीमैन - फोटो : FIFA.COM
आज क्या होने वाला है फीफा विश्वकप में
विश्वकप 2026 के 10वें दिन भी फुटबॉल प्रशंसकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। दिन की शुरुआत ग्रुप-एफ के मुकाबले से होगी, जहां नीदरलैंड्स और स्वीडन की टीमें आमने-सामने होंगी। इसके बाद ग्रुप-ई में जर्मनी का सामना आइवरी कोस्ट से होगा, जिसमें जर्मन टीम जीत दर्ज कर नॉकआउट की ओर मजबूत कदम बढ़ाना चाहेगी। वहीं इक्वाडोर और कुराकाओ के बीच मुकाबला भी काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि दोनों टीमों के लिए अंक हासिल करना जरूरी होगा। दिन के आखिरी मैच में ट्यूनीशिया और जापान आमने-सामने होंगे। जापान अपनी तेज और अनुशासित फुटबॉल के दम पर जीत का दावेदार माना जा रहा है, जबकि ट्यूनीशिया उलटफेर कर ग्रुप की स्थिति को दिलचस्प बनाना चाहेगा। कुल मिलाकर 10वें दिन चार मुकाबले खेले जाएंगे, जिनके नतीजे कई टीमों की नॉकआउट दौर की राह तय कर सकते हैं।

फीफा विश्वकप 2026: 10वें दिन का शेड्यूल
ग्रुप मुकाबला समय (भारतीय समयानुसार)
ग्रुप F नीदरलैंड्स बनाम स्वीडन रात 10:30 बजे, 20 जून
ग्रुप E जर्मनी बनाम आइवरी कोस्ट रात 1:30 बजे, 21 जून
ग्रुप E इक्वाडोर बनाम कुरासाओ सुबह 5:30 बजे, 21 जून
ग्रुप F ट्यूनीशिया बनाम जापान सुबह 9:30 बजे, 21 जून
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें