मिस्र के स्टार मोहम्मद सालाह को चैंपियंस लीग फाइनल में कंधे में चोट लग गई थी जिससे उनके विश्वकप में खेलने की उम्मीदों को झटका लगा था। लिवरपुल के लिए सीजन में 44 गोल करने वाले सालाह चोट लगने के बाद रविवार को जब पहली बार कैरो स्टेडियम में दिखे तो प्रशंसकों ने जमकर उनकी हौसलाअफजाई की।
1990 के बाद पहली बार विश्वकप में हिस्सा ले रही मिस्र की टीम का अभ्यास देखने के लिए हजारों दर्शक जमा थे। सालाह ने भी प्रशसंकों को निराश नहीं किया और बेंच से उठकर हल्की ड्रिब्लिंग भी की। मिस्र की टीम सात बार अफ्रीकी चैंपियन रही है, लेकिन विश्व कप में उसने तीसरी बार क्वालीफाई किया है। टीम का पहला मैच 15 जून को दो बार चैंपियन रही उरुग्वे से है।