चोटिल होने के कारण वर्ल्ड कप से बाहर होने वाले मेजबान ब्राजील टीम के फारवर्ड नेमार ने फाइनल में अपने सबसे बडे़ प्रतिद्वंद्वी अर्जेंटीना का समर्थन करते हुए सबको चौंका दिया है।
नेमार ने कहा है कि वह अपने बार्सिलोना के टीम के साथी लियोनल मेस्सी और जेविअर मासचेरानो को फुटबॉल के सबसे बडे़ खिताब पर कब्जा जमाते हुए देखना चाहते हैं।
उन्होंने कहा, "मैंने हमेशा कहा है कि मैं अर्जेंटीना को फाइनल में देखना चाहता हूं क्योंकि ब्राजील वहां हो सकता था लेकिन अब ऐसा नहीं है। मैं उन्हें वहां देखना चाहता हूं क्योंकि मेरे क्लब के दो साथी मेस्सी और मासचेरानो वहां हैं और मैं उम्मीद करता हूं कि वे जीते।"
मेस्सी की प्रशंसा करते हुए नेमार ने कहा, "उन्होंने लगभग हर खिताब जीता है और मुझे लगता है कि वह चैंपियन बनने के हकदार हैं। मैं उनका समर्थन कर रहा हूं। वह मेरे दोस्त हैं।"