फीफा वर्ल्ड कप के प्री-क्वार्टर फाइनल दौर में कोस्टा रिका के हाथों पेनाल्टी शूटआउट में मिली हार के बाद ग्रीस के कप्तान जिओजोस कारागुनिस ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है।
अपने 15 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में कारागुनिस ने 139 मैच खेले हैं। कारागुनिस ने संन्यास की घोषणा करते हुए कहा, "ग्रीस के लिए यह मेरा आखिरी मैच था। हम यहां एक और सप्ताह या इससे ज्यादा टिके रहना चाहते थे लेकिन अब आप यह बदल नहीं सकते।"
मिडफिल्डर कारागुनिस का सबसे बड़ा पल वह था जब उनकी मदद से ग्रीस ने आश्चर्यजनक ढंग से वर्ष 2004 में यूरोपियन चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया था।
37 साल के कारागुनिस ने कहा, "मैं युवा खिलाड़ियों के लिए हट रहा हूं। राष्ट्रीय टीम काफी बढ़ चुकी है। युवा खिलाड़ियों ने अतुल्य अनुभव हासिल किए है। यह कोई छोटी चीज नहीं है और हम उम्मीद करते है कि भविष्य में यह टीम सफल होती रहे।"
ग्रीस के लिए अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 10 गोल दागने वाले कारागुनिस ने 1999 में सल्वाडोर के खिलाफ पदार्पण किया था। कारागुनिस तीन यूरोपियन चैंपियनशिप तथा दो वर्ल्ड कप में खेले हैं।