फीफा वर्ल्ड कप में नॉकआउट चरण के लिए क्वालीफाई कर चुकी कोस्टा रिका की टीम ग्रुप-डी के आखिरी मुकाबले में टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी इंग्लैंड के खिलाफ जीत के साथ प्री-क्वार्टर फाइनल के लिए अपना मनोबल ऊंचा करने के इरादे से उतरेगी।
पिछले 2 मैचों में 2 बार की चैंपियन उरुग्वे और 4 बार की विजेता इटली को हरा चुकी कोस्टा रिका 6 अंकों के साथ ग्रुप में शीर्ष पर है, जबकि इंग्लैंड पिछले दोनों मैचों हार कर नॉकआउट की होड़ से बाहर हो चुका है।
टीम की कोशिश अब अपने आखिरी लीग मैच में बेलो होरिजोंटे में जीत के साथ सम्मान बचाने की होगी। यह वर्ष 1990 के बाद पहली बार है जब मध्य अमेरिकी टीम कोस्टा रिका ग्रुप चरण से आगे पहुंची है।
कोस्टा रिका ने अपने पहले मैच में उरुग्वे को चौंकाते हुए 3-1 से जीत दर्ज की थी जबकि इटली को आंद्रिया पिरलो और मारियो बालोतेली जैसे दिग्गजों की मौजूदगी में 1-0 से हरा दिया था।
ऐसे में इंग्लैंड के खिलाफ पहली बार खेल रहे कोस्टा रिका के लिये मैच के परिणाम से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है।
दूसरी ओर, इंग्लैंड की टीम पिछले मैचों में उरुग्वे और इटली से हार कर पहले ही दौर में बाहर हो चुकी है। यह 1958 के बाद पहली बार है जब इंग्लैंड को विश्वकप के ग्रुप चरण में ही टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा है।
टीम आखिरी मैच में जीत के साथ विदाई लेने का प्रयास जरूर करेगी लेकिन कोस्टा रिका के खिलाफ उसका यह पहला मुकाबला होगा जिससे उसके लिए विपक्षी टीम को समझना आसान नहीं होगा।