फीफा वर्ल्ड कप में 'छुपा रूस्तम' माने जा रहे बेल्जियम को अजेय बने रहने के लिए कोरिया को हर हाल में हराना होगा।
वर्ल्ड कप के दूसरे दौर में जगह पक्की कर चुकी ग्रुप-एच की शीर्ष टीम बेल्जियम आखिरी मुकाबले में दक्षिण कोरिया के खिलाफ अपने अपराजेय क्रम को बनाए रखने के साथ टॉप पर बने रहने के लिए उतरेगी।
अल्जीरिया और रूस पर करीबी जीत दर्ज करने के बाद बेल्जियम सर्वाधिक 6 अंकों के साथ ग्रुप-एच में शीर्ष पर है जबकि कोरियाई टीम के पास 2 मैचों में एक हार और एक ड्रॉ के साथ मात्र एक अंक है और वह ग्रुप में आखिरी स्थान पर है।
हालांकि यूरोपीय टीम का प्रदर्शन अपराजेय क्रम के बावजूद बहुत उम्दा नहीं रहा है और उसने अल्जीरिया पर 2-1 से जबकि रूस के खिलाफ दिवोक ओरिजि के 88वें मिनट के आखिरी समय में गोल से जीत दर्ज की थी।
फिलहाल बेल्जियम खिताब के दावेदारों में शुमार किया जा रहा है और कोरिया के खिलाफ आखिरी मुकाबला जीतकर उसका मकसद शीर्ष पर बने रहने और अपराजेय क्रम बनाए रखने का होगा।
टीम के मुख्य खिलाड़ी क्रिस्टियन बेनटेके के चोटिल होने के बाद रोमेलू लुकाकू को टीम में लाया गया है हालांकि फिलहाल वह मैदान पर संघर्ष ही कर रहे हैं। रूस पर जीत से बेल्जियम पहले ही नाकआउट दौर में प्रवेश कर चुका है लेकिन यदि उसे टूर्नामेंट में और और आगे जाना है तो उसे बेहतर परिणामों के साथ जीत दर्ज करनी होगी।