ग्रीस (यूनान) के पूर्व कोच फर्नांडो सांतोस पर ब्राजील में हुए फुटबॉल वर्ल्ड कप के दौरान खेल भावना का पालन न करने और अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप में फीफा ने 8 अंतरराष्ट्रीय मैचों का प्रतिबंध लगा दिया है।
अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल महासंघ (फीफा) ने जारी बयान में बताया कि 29 जून को ग्रीस और कोस्टारिका के बीच अंतिम 16 के मुकाबले के दौरान अतिरिक्त समय के आखिर में सांतोस को वापस भेज दिया गया था।
उन्हें इस दौरान मैच अधिकारियों के साथ असहयोगपूर्ण रवैये के लिए दोषी ठहराया गया है। 59 वर्षीय सांतोस का ग्रीस टीम के साथ करार टूर्नामेंट के बाद समाप्त हो रहा था जिसके चलते वह टीम से अलग हो गए।
फीफा ने साथ ही बताया कि उसकी अनुशासनात्मक समिति ने इटली के अधिकारी अल्दो एस्पोसितो पर भी 6 मैचों का प्रतिबंध लगाया है।