इंग्लिश फुटबॉल संघ ने शुक्रवार को एफए कप के मुकाबलों के लिए अस्थायी तारीखों की घोषणा की, जिसके अनुसार इसका फाइनल एक अगस्त को खेला जाएगा। कोरोना वायरस के कारण खेलों का कार्यक्रम काफी बाधित हुआ है।
प्रीमियर लीग की योजना 17 जून से सत्र बहाल करने की है और एफए कप भी बहाल होने की सूची में शामिल हो गया है। कोविड-19 महामारी के चलते एफए कप क्वार्टरफाइनल से पहले ही रोकना पड़ा था, लेकिन टूर्नामेंट के आयोजकों को उम्मीद है कि यह अब प्रीमियर लीग के साथ ही पूरा हो जाएगा।
अंतिम आठ के चार मैच 27 और 28 जून को खेले जाएंगे, लेकिन अभी फैसला नहीं हुआ कि इन्हें घरेलू मैदान पर या दूसरी टीम के मैदान पर खेला जाएगा या फिर तटस्थ स्थलों पर। सेमीफाइनल 11 और 12 जुलाई को होंगे जबकि फाइनल हमेशा की तरह वेम्बले पर एक अगस्त को होगा। सभी मैच दर्शकों के बिना खाली स्टेडियम में होंगे।