मैनचेस्टर सिटी और आर्सनल के खिलाड़ियों ने घुटने पर बैठकर ब्लैक लाइव्स मैटर अभियान का समर्थन किया
- फोटो : ट्विटर
मैनचेस्टर सिटी ने इंग्लिश प्रीमियर लीग की 100 दिन के बाद वापसी पर खेले गए पहले मैच में दस खिलाड़ियों के साथ खेल रही आर्सनल की टीम को 3-0 से करारी शिकस्त दी। सिटी की इस जीत ने लिवरपूल का 30 साल में पहली बार इस प्रतिष्ठित फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब जीतने का इंतजार बढ़ा दिया।
रहीम स्टर्लिंग ने जब पहले हाफ के इंजुरी टाइम में सिटी की तरफ से पहला गोल दागा तो उसका जश्न मनाने के लिए कुछ स्वास्थ्यकर्मियों के अलावा स्टेडियम में कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। कोरोना वायरस के कारण पिछले तीन महीने में केवल स्वास्थ्यकर्मियों के लिए ही तालियां बजी थी।
आर्सनल को दूसरे हाफ के शुरू में ही झटका लगा जब डेविड लुईस को लाल कार्ड दिखाकर बाहर कर दिया गया। सिटी को पेनल्टी मिली जिसे केविन डि ब्रूएन ने 51वें मिनट में इसे गोल में बदल दिया। फिल बोडेन ने दूसरे हाफ के इंजुरी टाइम में सिटी की तरफ से तीसरा गोल किया। दूसरे स्थान पर काबिज मैनचेस्टर सिटी के इस जीत से 29 मैचों में 60 अंक हो गए हैं। अगर उसकी टीम यह मैच हार जाती तो लिवरपूल रविवार को एवर्टन पर जीत के साथ खिताब भी अपने नाम कर देता।
लिवरपूल के अभी 29 मैचों में 82 अंक हैं। उसे अब खिताब के लिए दो और जीत की जरूरत है। इस मैच के साथ प्रीमियर लीग की तीन महीने बाद वापसी भी हुई, लेकिन मैच खाली स्टेडियम में खेले गए। केवल 300 लोगों को स्टेडियम में आने की अनुमति थी जिनमें खिलाड़ी, सहयोगी स्टाफ और स्वास्थ्यकर्मी भी शामिल थे।
आर्सनल को सातवीं हार का सामना करना पड़ा और वह 40 अंक के साथ नौवें स्थान पर बना हुआ है। एस्टन विला और शैफील्ड यूनाईटेड के बीच खेला गया एक अन्य मैच गोलरहित बराबरी पर छूटा। शैफील्ड यूनाईटेड के अब 29 मैचों में 44 अंक हो गये हैं और वह छठे स्थान पर है। एस्टन विला के इतने मैचों में ही 26 अंक हैं।