क्या है अल क्लासिको :
यह स्पेनिश भाषा का शब्द अंग्रेजी के क्लासिक शब्द की जगह उपयोग होता है। ला लीगा यानी स्पेनिश फुटबॉल लीग में इसे बार्सिलोना और रियल मैड्रिड की भिड़ंत के लिए प्रयुक्त किया जाता है लेकिन दोनों प्रतिद्वंद्वियों के बीच होने वाले मुकाबले को ही अल क्लासिको कहा जाने लगा है।
मेसी का अंतिम अल क्लासिको:
मेसी का यह अंतिम अल क्लासिको मैच हो सकता है। उनका बार्सिलोना से अनुबंध इन गर्मियों में खत्म हो रहा है। अब 33 साल के हो चुके मेसी ने पिछली गर्मियों में क्लब छोड़ने की कोशिश की थी। उन्होंने दिसंबर में कहा था कि वह सीजन के अंत में निर्णय लेंगे कि भविष्य को लेकर उन्हें क्या फैसला करना है। उसके बाद क्लब के नए अध्यक्ष जोन लेपोर्टा आ चुके हैं। वह चाहते हैं कि मेसी बार्सिलोना से नया अनुबंध कर लें लेकिन मेसी ने अभी अपना मौन नहीं तोड़ा है।
19 साल में की थी पहली हैट्रिक:
मेसी ने बार्सिलोना के लिए रियल मैड्रिड के खिलाफ अपनी पहली हैट्रिक 2007 में 19 साल की उम्र में की थी। जब मैच 3-3 से ड्रॉ रहा था। पिछले एक दशक से छह बार के फीफा के श्रेष्ठ खिलाड़ी (बेलोन डि ओर अवॉर्ड ) मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो के बीच अच्छी होड़ रही है लेकिन 2018 में रोनाल्डो जुवेंटस में चले गए।