दुनिया के दो सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलरों बार्सिलोना के लियोनल मेसी और रीयल मैड्रिड के क्रिस्टियानो रोनाल्डो में प्रतिद्वंद्विता मैदान में ही नहीं उसके बाहर भी रहती है। अर्जेंटीना के मेसी मौजूदा समय में दुनिया के सबसे महंगे फुटबॉलर हैं और पुर्तगाल के रोनाल्डो पांचवें। लगातार दूसरी और कुल पांचवीं बार बेलोन डियोर का खिताब जीतने वाले 33 वर्षीय रोनाल्डो चाहते हैं कि अब जब वह दोबारा रिलय मैड्रिड से करार करें तो यह मेसी से एक मिलियन ज्यादा हो।
रोनाल्डो को अभी वार्षिक 21 मिलियन यूरो मिल रहे हैं। हाल ही में रिकॉर्ड 50वीं हैट्रिक लगाने वाले क्रिस्टियानो ने रियल के साथ 2016 में नए सिरे से करार किया था जोकि 2021 में पूरा होगा। मेसी ने दिसंबर 2017 में बार्सिलोना से 46 मिलियन यूरो में नया करार किया है। इससे वह पेरिस सेंट जर्मेंन (पीएसजी) के साथ रिकॉर्ड करार करने वाले नेमार (36 मिलियन यूरो) को पीछे छोड़कर दुनिया के सबसे महंगे फुटबॉलर बन गए थे।
ब्राजील के नेमार ने पिछले साल ही बार्सिलोना को अलविदा कहा था। चीन के शंघाई एसआईपीजी क्लब के ऑस्कर (24 मिलियन यूरो) तीसरे और चीन के ही हैबे चाइना फॉच्यून एफसी क्लब के इजेक्विएल लावेजी (23 मिलियन यूरो) इस मामले में चौथे नंबर पर हैं।
दुनिया के पांच सबसे महंगे फुटबॉलर
खिलाड़ी टीम रकम
लियोनल मेसी बार्सिलोना 3.69 अरब रुपये
नेमार पीएसजी 2.88 अरब रुपये
ऑस्कर शंघाई 1.92 अरब रुपये
ई लावेजी हेबै चाइना 1.84 अरब रुपये
रोनाल्डो रियल मैड्रिड 1.68 अरब रुपये