क्रिस्यिानो रोनाल्डो ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा है। इसी महीने 35 के हुए रोनाल्डो ने इंजरी टाइम में गोल कर न सिर्फ जुवेंटस को बराबरी दिलाई बल्कि उसकी हार भी टाली। पेनाल्टी पर दागे गए उनके गोल से जुवेंटस ने इटालियन कप सेमीफाइनल के पहले चरण में एसी मिलान को एक-एक से बराबरी पर रोककर खिताब की अपनी उम्मीदें कायम रखी हैं। दूसरा चरण चार मार्च को तुरीन में खेला जाएगा।
पहले हाफ में कोई टीम गोल नहीं कर सकी। दूसरे हाफ में 61वें मिनट में एंटे रिबिक ने गोल कर मिलान को 1-0 से आगे कर दिया। उसकी यह बढ़त 90 मिनट तक कायम रही। ऐसा लग रहा था कि जुवेंटस घर के बाहर लगातार तीसरा मुकाबला हार जाएगा। लेकिन इंजुरी टाइम में रोनाल्डो (90+1) ने गोल कर मिलान के मंसबों पर पानी फेर दिया। रोनाल्डो अब तक अपने पिछले सभी आठ मुकाबलों में 12 गोल दाग चुके हैं।