लियोनल मेसी की टीम पेरिस सेंट जर्मन ने एक दोस्ताना मुकाबले में क्रिस्टियानो रोनाल्डो की टीम रियाद 11 को 5-4 से हरा दिया। यह मुकाबला किसी टूर्नामेंट या लीग के लिहाज से कोई मायने नहीं रखता है। दोस्ताना मुकाबले के गोल किसी रिकॉर्ड बुक में नहीं दर्ज होंगे, लेकिन फैंस के दिमाग में यह मैच लंबे समय तक जिंदा रहेगा। इस मैच के दौरान फुटबॉल में मौजूदा समय के दो सबसे लोकप्रिय खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनल मेसी की मैदान पर मुलाकात हुई।
इन दोनों दिग्गजों के अलावा पिछले साल फीफा विश्व कप में गोल्डन बूट अपने नाम करने वाले किलियन एम्बाप्पे और ब्राजील के स्टार नेमार भी इस मैच में एक्शन में दिखे। ये चारों मौजूदा समय पर सोशल मीडिया में सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले फुटबॉल खिलाड़ी हैं। इनमें से तीन खिलाड़ियों ने मैच के दौरान गोल भी किया। हालांकि, नेमार पेनल्टी पर गोल करने से चूक गए।
इस मुकाबले के दौरान क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने लियोनल मेसी से मुलाकात की। दोनों खिलाड़ियों ने पहले हाथ मिलाया फिर गले भी लगे। रोनाल्डो ने इस मैच के बाद कहा कि पुराने दोस्तों से मिलकर अच्छा लगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा "मैदान पर वापसी करके और स्कोरकार्ड में अपना नाम देखकर बहुत खुश हूं। कुछ पुराने दोस्तों को देखकर अच्छा लगा।"
लियोनल मेसी ने भी इस मुलाकात का वीडियो अपनी सोशल मीडिया स्टोरी पर शेयर किया।