विश्व चैंपियन स्पेन ने बेहद रोमांचक मुकाबले में पेनल्टी शूटआउट के जरिए इटली को 7-6 से हराकर कंफेडरेशन कप के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। खिताबी मुकाबले में उसका मुकाबला मेजबान ब्राजील के साथ होगा।
यूरोपीय चैंपियन स्पेन ने इस जीत के साथ ही लगातार 29वीं बार किसी टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाने का रिकॉर्ड भी कायम कर लिया है।
निर्धारित समय तक दोनों टीमें एक भी गोल नहीं कर सकी थी। अतिरिक्त समय में भी गोल नहीं हुए।
बेहद रोचक मुकाबले में दोनों ही टीमें गोल दागने के लिए लगातार दो घंटे तक संघर्ष करती रही लेकिन मैच का परिणाम पेनल्टी शूटआउट से हुआ।
इटली के डिफेंडर लियोनार्डो बोनूकी अकेले ऐसे खिलाड़ी रहे, जो पेनल्टी शूटआउट में गोल नहीं कर सके और 13वीं पेनल्टी में उनकी फुटबाल गोल पोस्ट में जाने के बजाय काफी ऊपर चली गई।
इससे पहले पेनल्टी शूटआउट में इटली और स्पेन के सभी 12 खिलाड़ियों ने हर पेनल्टी पर गोल कर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया।
जीसस नवास ने निर्णायक गोल दागकर स्पेनिश टीम को पेनल्टी शूट आउट में विजयी बनाते हुए फाइनल का टिकट दिला दिया।
इटली को तीसरे स्थान के लिए रविवार को प्लेआफ मुकाबले में उरुग्वे से भिड़ना होगा।
उरुग्वे को हरा फाइनल में पहुंचा ब्राजील
पोलिन्हो के अंतिम क्षणों में हेडर से किए गए गोल से मेजबान ब्राजील ने उरुग्वे को 2-1 से हराकर कंफेडरेशन कप फुटबाल टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया।
मिनेराओ स्टेडियम में करीब 60 हजार दर्शकों की मौजूदगी में खेले गए इस मुकाबले में फ्रेड ने 41वें मिनट में गोल करके ब्राजील को हाफ टाइम तक 1-0 से बढ़त दिलाई लेकिन एडिनसन कवानी ने 48वें मिनट में गोल करके उरुग्वे को बराबरी पर ला दिया।
पोलिन्हो ने अंतिम सीटी बजने से चार मिनट पहले गोल दागकर ब्राजील को फाइनल में जगह दी।
लगातार तीसरी बार सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बने नेमार
आखिर खेल के 86वें मिनट में नेमार के कार्नर पर पोलिन्हो ने हेडर से शानदार गोलकर टीम को खिताबी मुकाबले में शान से जगह दिला दी।
उरुग्वे की स्ट्राइकर तिकड़ी ब्राजील की रक्षापंक्ति को भेदने में नाकाम रही। नेमार को उनके प्रदर्शन के लिए टूर्नामेंट में लगातार तीसरी बार ‘मैन आफ द मैच’ चुना गया।
ब्राजील की यह टूर्नामेंट में लगातार चौथी और उरुग्वे के खिलाफ लगातार आठवीं जीत है। टीम ने 2001 से अब तक अपने इस पड़ोसी देश के खिलाफ कोई मैच नहीं हारा है।