सेंड्रो रोड्रिगेज के दो गोल की बदौलत चेन्नई सिटी ने शुक्रवार को आई-लीग के मुकाबले में आइजोल एफसी पर शानदार जीत दर्ज की। मिजोरम के राजीव गांधी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में चेन्नई ने आइजोल को 2-1 से मात दी।
दोनों टीमों के बीच खेले गए मुकाबले का पहला हाफ गोलरहित रहा। पहले हाफ में दोनों ही टीमें बढ़त बनाने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। वहीं, खेल के दूसरे हाफ के शरुआत में ही चेन्नई की तरफ से सेंड्रो रोड्रिगेज ने 49वें मिनट में गोलकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।
इसके बाद आइजोल एफसी की टीम थोड़ा दबाव में आ गई, लेकिन 72वें मिनट में आइजोल की तरफ से अनसुमाना क्रोमाह ने शानदार गोल दागा और टीम को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। इसके कुछ ही मिनटों बाद एक बार फिर रोड्रिगेज ने शानदार गोल करते हुए आइजोल पर 2-1 की बढ़त बना ली।
रोड्रिगेज के इस गोल के बाद आइजोल की टीम पूरी तरह से दबाव में आ गई। हालांकि, उसने आखिरी समय में खेल को ड्रॉ कराने की कोशिश जरूर की, लेकिन कामयाब नहीं हो सके। इसी के साथ यह मुकाबला चेन्नई सिटी ने 2-1 से जीत लिया।