इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) के मौजूदा सीजन में बेहद खराब प्रदर्शन करने वाली चेल्सी फुटबॉल क्लब के मैनेजर जोस मॉरिन्हो ने आपसी सहमति से क्लब का साथ छोड़ दिया है।
प्रीमियर लीग चैंपियंस ने बृहस्पतिवार को इसकी घोषणा की। क्लब ने अपने वेबसाइट पर जारी बयान में कहा है, ‘चेल्सी फुटबॉल क्लब और जोस मॉरिन्हो आपसी सहमति से आज अलग हो गए। वर्ष 2013 में वापसी के बाद क्लब जोस के योगदान के लिए उनका अभारी है।’
52 वर्षीय मॉरिन्हो की देखरेख में चेल्सी ने पिछले सीजन में प्रीमियर लीग और लीग कप अपने नाम किया था लेकिन मौजूदा सीजन में चेल्सी का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा और क्लब ने 16 मैच खेले जिसमें उसे नौ मैचों में हार झेलनी पड़ी।
चेल्सी रेलीगेशन जोन से एक अंक ऊपर है। चेल्सी के खराब प्रदर्शन के बाद से मीडिया में मॉरिन्हो को पद से हटाए जाने की खबरें आने लगी थीं।
मॉरिन्हो को इससे पहले 2007 में चेल्सी क्लब के मालिक रोमैन अब्रामोविच ने उन्हें अपने पद से बर्खास्त किया था।