चेल्सी ने विरोधी टीम के दो आत्मघाती गोल का पूरा फायदा उठाते हुए इंग्लिश प्रीमियल लीग फुटबाल टूर्नामेंट में स्टोक को 4-0 से हरा दिया। स्टोक के फारवर्ड जोनाथन वाल्टर्स के लिए दिन काफी निराशाजनक रहा, जिन्होंने दो बार गेंद को हैडर से मारते हुए अपने ही गोल में पहुंचा दिया। उन्होंने 45वें और 62वें मिनट में आत्मघाती गोल किए। चेल्सी की ओर से दो अन्य गोल फ्रैंक लैम्पर्ड और ईडन हैजार्ड ने दागे।
चेल्सी की टीम इस जीत से अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है और टॉप पर चल रहे मैनचेस्टर यूनाइटेड से 11 अंक पीछे है। अन्य मुकाबलों में पांचवें स्थान पर चल रहे एवर्टन को स्वानसिया ने गोलरहित बराबरी पर रोका और वेस्ट ब्रोम को अंतिम आठ मिनट में तीन गोल गंवाने के कारण रीडिंग के हाथों 2-3 से शिकस्त का सामना करना पड़ा।