न काइलिन म्बापे और न ही नेमार का जादू चला। नतीजा पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) को चैंपियंस लीग सेमीफाइनल के पहले चरण में मैनचेस्टर सिटी के हाथों 1-2 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। पिछले 20 वर्षों में यह पहला मौका है जब पीएसजी को पहले हाफ तक बढ़त बनाने के बावजूद चैंपियंस लीग में हार मिली। इससे पहले उसे 2001 में डेपोर्टिवा ला कोरुना से पराजय मिली थी।
पीएसजी ने कप्तान मार्किंहोस के गोल की मदद से 15वें मिनट में ही बढ़त बना ली थी जो हाफ समय तक कायम रही। सिटी के कप्तान केवन डि ब्रूएन ने 64वें मिनट में गोलकीपर केलर नवास की गलती का फायदा उठाकर बराबरी का गोल दागा। रियाद महारेज ने 71वें मिनट में फ्री किक पर गोल करके सिटी को आगे किया। दूसरे चरण का मुकाबला मैच पांच मई को खेला जाएगा।
मार्किंहोस तीसरे खिलाड़ी : मार्किंहोस चैंपियंस लीग इतिहास के तीसरेे खिलाड़ी हैं जिन्होंने लगातार दूसरे सत्र में क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल में गोल किया। उनके अलावा पहले क्रिस्टियानो रोनाल्डो (2011-12, 2013-14) और एंटोनी ग्रिजैमन (2015-16,2016-17) ही यह उपलब्धि हासिल कर पाए हैं।