फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फुटबॉल: ब्राजील के खिलाफ मैच से पहले विश्वकप खेलने वाली इस टीम से होगा भारत का सामना, 26 सितंबर को है मुकाबला

Wed, 26 Aug 2026 08:25 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

ब्राजील के खिलाफ मुकाबले से पहले भारतीय फुटबॉल टीम 26 सितंबर को 2026 फीफा विश्व कप में खेल चुकी पनामा से भिड़ेगी। पनामा फीफा रैंकिंग में 44वें स्थान पर है। यह मुकाबला खालिद जमील की टीम के लिए बड़ी चुनौती होने के साथ ब्राजील और न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी मुकाबलों की तैयारी का अहम मौका होगा।
विज्ञापन
भारतीय फुटबॉल टीम - फोटो : AIFF
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय फुटबॉल टीम को ब्राजील के खिलाफ बहुप्रतीक्षित मुकाबले से पहले एक और बड़ी चुनौती मिल गई है। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने मंगलवार को बताया कि भारत 26 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय मैत्री मुकाबले में पनामा की मेजबानी करेगा। हालांकि, मैच किस मैदान पर खेला जाएगा, इसकी घोषणा बाद में की जाएगी। इस मुकाबले की सबसे बड़ी खासियत यह है कि पनामा 2026 फीफा विश्व कप में हिस्सा ले चुका है। ऐसे में ब्राजील से भिड़ने से ठीक पहले भारतीय टीम को एक और विश्व कप टीम के खिलाफ खुद को परखने का मौका मिलेगा।
विज्ञापन

फीफा रैंकिंग में 44वें नंबर पर है पनामा
पनामा इस समय फीफा की ताजा रैंकिंग में 44वें स्थान पर है। यानी वह दुनिया की शीर्ष-50 टीमों में शामिल है। भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला इसलिए भी अहम होगा क्योंकि खालिद जमील की टीम को मजबूत अंतरराष्ट्रीय विपक्ष के खिलाफ अपनी तैयारी और स्तर को परखने का मौका मिलेगा। भारत और पनामा की टीमें पहली बार एक-दूसरे के खिलाफ मैदान पर उतरेंगी। यह भारत का किसी अलग कॉनकाकाफ (CONCACAF) प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ नौवां मुकाबला भी होगा।

विश्व कप टीमों के खिलाफ लगातार मुकाबले
पनामा के खिलाफ मुकाबला भारत के लिए विश्व कप में खेलने वाली टीमों के खिलाफ प्रस्तावित चार मैचों की शुरुआत करेगा। इसके बाद भारतीय टीम 3 अक्टूबर को ब्राजील से भिड़ेगी। नवंबर में भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ भी दो मुकाबले खेलने हैं। दोनों टीमें 12 और 15 नवंबर को आमने-सामने होंगी। इस तरह भारतीय टीम को इस अवधि में उन टीमों के खिलाफ खेलने का शानदार मौका मिलेगा, जो 2026 विश्व कप का हिस्सा रही हैं।
विज्ञापन

'पनामा के खिलाफ मुकाबला होगा कड़ी चुनौती'
एआईएफएफ के उप महासचिव एम. सत्यनारायण ने पनामा के खिलाफ मुकाबले को ब्राजील मैच से पहले महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा, 'ब्राजील के खिलाफ मैच से पहले पनामा के खिलाफ मुकाबला हमारे लिए कड़ी चुनौती होगा। पनामा दुनिया की शीर्ष-50 टीमों में है और यह खालिद जमील की टीम के लिए कड़ी परीक्षा होगी।' सत्यनारायण ने आगे कहा, 'भारतीय खिलाड़ियों को इस तरह की मजबूत टीमों के खिलाफ खेलने का जरूरी अनुभव मिलेगा। आमतौर पर भारत को विश्व कप में खेलने वाली टीमों के खिलाफ मुकाबले खेलने के ज्यादा मौके नहीं मिलते। इसलिए यह फीफा विंडो हमारे लिए काफी उपयोगी होगी।'
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें