बार्सिलोना को आसानी से हराकर बेयर्न म्यूनिख ने चैंपियंस लीग फुटबाल टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
बेयर्न की टीम ने सेमीफाइनल के दोनों लीग में किए गए 7-0 के भारी गोल अंतर से खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया जहां 25 मई को उसकी भिड़ंत बोरूसिया डोर्टमंड से होगी। पिछले चार साल में तीसरे बार बेयर्न म्यूनिख ने फाइनल में प्रवेश किया है।
लियोनल मेसी के बिना खेलने उतरी बार्सिलोना की शुरुआती लाइन बेहद अप्रभावशाली दिखी। हालांकि शुरुआत में कांटे का मुकाबला देखा गया लेकिन पहले लेग में 4-0 की आसान जीत दर्ज करने वाली म्यूनिख की टीम ने जबरदस्त पलटवार करते हुए एकतरफा अंदाज में जीत हासिल कर ली।
अपने बाएं पैर के शानदार ट्रेडमार्क शॉट से अर्जेन रोबेन ने टीम के लिए खाता खोला। आखिरी 20 मिनट में थॉमस मूलर ने हेडर के जरिये एक और गोल कर टीम का फाइनल में पहुंचना सुनिश्चित कर दिया।
जीत के बाद खुशी जाहिर करते हुए रोबेन ने कहा, ‘पहले घरेलू मैदान पर मिली 4-0 से जीत और अब यहां 3-0 से मिली जीत से हमने इतिहास बना दिया। हमें अपने इस प्रदर्शन पर गर्व करना चाहिए। हमारी टीम में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और इसी का नतीजा है कि हमें इस अंदाज में जीत मिली है।’
बेयर्न की टीम पिछले सत्र में भी फाइनल तक पहुंची थी लेकिन रोबेन के पेनाल्टी को स्कोर में नहीं बदल पाने की गलती के कारण ही उसे खिताब से वंचित रहना पड़ गया था।