अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) ने कोलकाता के क्लब मोहन बागान से दो साल का प्रतिबंध हटाने का फैसला किया है लेकिन नौ दिसंबर तक उसके आई-लीग के मैचों के सभी अंक छीन लिए जाएंगे। साथ ही उसे एआईएफएफ को दो करोड़ रुपये की राशि हर्जाने के रूप में देनी होगी।
एआईएफएफ ने मोहन बागान पर आई-लीग में खेलने से दो साल का प्रतिबंध लगा दिया था। बागान की टीम ने गत नौ दिसंबर को कोलकाता में ईस्ट बंगाल के खिलाफ मैच के दौरान हिंसा हो जाने के बाद मैच बीच में ही छोड़ दिया था और टीम फिर मैच खेलने नहीं लौटी थी।
इसके कारण एआईएफएफ ने बागान को आई-लीग खेलने से दो साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया था। बागान ने इस फैसले के खिलाफ एआईएफएफ की कार्यकारी समिति में अपील की थी। एआईएफएफ की कार्यकारी समिति ने मंगलवार को यहां अपनी बैठक में बागान पर से प्रतिबंध उठाने का सशर्त फैसला किया। बैठक में एआईएफएफ के अध्यख प्रफुल्ल पटेल और तमाम अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।