भले ही एटलेटिको मैड्रिड को सेमीफाइनल के दूसरे चरण में बायर्न म्यूनिख से हार का सामना करना पड़ा हो बावजूद इसके एटलेटिको चैंपियंस लीग के फाइनल में प्रवेश कर गया है।
मंगलवार को खेले गए मुकाबले में बायर्न ने एटलेटिको को 2-1 से पराजित कर दिया। लेकिन गोल औसत के आधार पर बायर्न पिछड़ गया।
पहले चरण में एटलेटिको 1-0 से विजयी रहा था। ऐसे में गोल औसत के आधार पर परिणाम 2-2 से बराबर रहा। बायर्न को लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल से बाहर होना पड़ा है।
बायर्न के लिए जाबी अलोंसो ने मैच के 31वें मिनट में गोल दागा। इसके बाद थॉमस मूलर पेनल्टी पर चूक गए। एटलेटिको के लिए बराबरी का गोल एंटोइन ग्रिजमैन ने 54वें मिनट में दागा। बायर्न के लिए रोबर्ट लेवांडोवस्की ने 74वें मिनट में गोल कर अपनी टीम को 2-1 से आगे कर दिया।
इसके बाद बायर्न को फाइनल में पहुंचने के लिए एक और गोल की जरूरत थी लेकिन उसके खिलाड़ी गोल करने में नाकाम रहे। इस प्रकार एटलेटिको ने फाइनल का टिकट कटा लिया। 28 मई को मिलान में खेले जाने वाले फाइनल मुकाबले में एटलेटिको का सामना रियल मैड्रिड या मैनचेस्टर सिटी से होगा।