एलेक्सिस सांचेज के गोल से गत चैंपियन चिली ने इक्वाडोर को 2-1 से पराजित कर दिया। इस जीत के साथ चिली की टीम कोपा अमेरिका के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर गई। जोस फयुनजेलिदा ने शुरुआती दस मिनट में चिली का खाता खोला लेकिन इनर वेलेंसिया ने 26वें मिनट में पेनाल्टी पर इक्वाडोर को बराबरी दिला दी।
मैनचेस्टर यूनाइटेड के फारवर्ड सांचेज ने मध्यांतर के बाद 51वें मिनट में शानदार वॉली लगाकर निर्णायक गोल कर दिया। इक्वाडोर के गैब्रिएल को रेडकार्ड भी दिखाया गया। सांचेज का यह गोल चिली के लिए उनका 43वां गोल था। पहले हाफ में सांचेज का टखना भी मुड़ गया था लेकिन उनका कहना है कि यह चोट ज्यादा गंभीर नहीं है। दूसरे हाफ में दर्द के बावजूद उतरे।
कोलंबिया के बाद चिली दूसरी टीम है जो नॉकआउट दौर में पहुंच गई है। ग्रुप सी में अभी एक मैच बाकी है और चिली की टीम शीर्ष पर चल रही है। अब उसका सामना उरुग्वे से होगा। जबकि इक्वाडोर को अपनी संभावनाएं कायम रखने के लिए जापान को हराना होगा।