डोनी वान डे बीक (15वें मिनट) के खेल के पहले हाफ में ही किए गए गोल के दम पर अजाक्स चैंपियंस लीग सेमीफाइनल के पहले चरण में टोटेनहम को 1-0 से मात देकर 23 साल बाद फाइनल का टिकट कटाने के करीब पहुंच गया है। इस गोल के बाद टोटेनहम ने बराबरी के लिए पूरा जोर लगा दिया पर अजाक्स ने उसे सफल नहीं होने दिया।
अजाक्स इससे पहले 1996 में फाइनल में पहुंचा था। घर में मिली इस हार से टोटेनहम की राह मुश्किल हो गई। इससे पहले यूरोपियन कप और यूरोपियन चैंपियनशिप में घर में पहले चरण का सेमीफाइनल मुकाबला हारने वाली 17 टीमों में से सिर्फ एक टीम ही फाइनल में पहुंची है। वह अजाक्स ही थी जिसने 1996 में ऐसा किया था। यह पहला मौका है जब अजाक्स ने घर के बाहर लगातार नौ मैचों में गोल किए।