रियल मैड्रिड ने भले ही अपना कोच बदल दिया हो पर उसकी तकदीर बदलती नहीं दिख रही। जिनेदिन जिदान की टीम को ला लीगा में 19वें स्थान पर काबिज रायो वेलेकानो के हाथों 0-1 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। 2004 के बाद ऐसा पहली बार हुआ जब रियल को लीग में निचले स्थान की किसी टीम से हार मिली।
मैच का एकमात्र गोल खेल के 23वें मिनट में वेलेकानो के एड्रियन इम्बारा ने किया। जिदान के कोच बनने के बाद टीम ने कुल आठ मैच खेले हैं जिसमें से सिर्फ चार ही जीते हैं। उन्होंने टीम में इस मैच के लिए आठ बदलाव किए थे।
दस साल बाद हारे दस मैच : रियल मैड्रिड की यह ला लीगा में इस सत्र की दसवीं हार है जो उसका इस लीग का संयुक्त सबसे खराब प्रदर्शन है। इससे पहले उसने 2008-09 में भी दस मैच हारे थे।