देश की शीर्ष फुटबॉल लीग में से एक हीरो आई लीग कोविड-19 की चपेट में आ गई है जिसकी वजह से मौजूदा सीजन को अगले छह महीने के लिए स्थगित कर दिया गया है। लीग से जुड़े खिलाड़ियों और स्टाफ की नई जांच में कोरोना के मामले बढ़कर 45 हो गए हैं, जिसके बाद अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने सोमवार को आपातकालीन बैठक बुलाई और इसमें इसे स्थगित करने का फैसला किया गया।
एआईएफएफ की तरफ से जारी बयान में कहा गया, 'कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए लीग को अगले छह हफ्ते के लिए स्थगित करने का फैसला किया गया है। चार हफ्ते बाद यानी अगले महीने स्थिति का आंकलन किया जाएगा और इसके बाद आगे इसपर कोई भी फैसला लिया जाएगा।'
एआईएफएफ स्पोर्ट्स मेडिकल कमेटी के सदस्य डॉ हर्ष महाजन ने क्लबों को सूचित किया कि पूरे देश में संक्रमण के बढ़ते मामलों, पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा लगाए गए नए कोविड प्रतिबंध और खिलाड़ियों और अधिकारियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा से समझौता नहीं करने वाली एआईएफएफ की सोच का पालन करते हुए आई-लीग 2021-22 को कम से कम 6 सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया गया है।
सभी टीमों की 5 जनवरी को फिर से कोविड-19 की जांच होगी इसलिए बायो बबल का प्रोटोकॉल 7 जनवरी तक जारी रहेगा। इसके बाद नेगेटिव रिपोर्ट आने के बाद टीमें अपने-अपने घरों को जा सकती हैं। होटलों में जिन खिलाड़ियों और अधिकारियों पॉजिटिव आई है वह आईसोलेशन में रहेंगे और कोलकाता में निर्धारित स्वास्थ्य मानकों के अनुसार उनका इलाज किया जाएगा। बाद में नेगेटिव रिपोर्ट आने के बाद उन्हें भी जाने की अनुमति होगी।'