फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

FIH Pro League: भारत ने पाकिस्तान को 7-1 से रौंदा, लंदन में दर्ज की ऐतिहासिक जीत

Sat, 27 Jun 2026 01:33 AM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लंदन

सार

एफआईएच प्रो लीग 2025-26 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 7-1 से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ भारत ने पाकिस्तान पर लगातार 17वीं जीत दर्ज करते हुए अंक तालिका में सातवां स्थान हासिल कर लिया।

विज्ञापन
भारत ने पाकिस्तान को हराया - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एफआईएच प्रो लीग 2025-26 में अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 7-1 से करारी शिकस्त देकर शानदार प्रदर्शन किया। शुक्रवार को लंदन के ली वैली हॉकी एंड टेनिस सेंटर में खेले गए मुकाबले में भारत ने शुरुआती गोल खाने के बाद जबरदस्त वापसी करते हुए पाकिस्तान को पूरी तरह मैच से बाहर कर दिया। दो दिन पहले 4-3 से मिली करीबी जीत के बाद भारतीय टीम इस मुकाबले में कहीं अधिक आक्रामक नजर आई। दूसरे और तीसरे क्वार्टर में भारत ने लगातार गोल दागते हुए पाकिस्तान की रक्षा पंक्ति को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
विज्ञापन

भारत के लिए इन खिलाड़ियों ने किए गोल
भारत की ओर से सुखजीत सिंह (19वां मिनट), कप्तान हरमनप्रीत सिंह (26वां मिनट), हार्दिक सिंह (34वां मिनट, पेनल्टी स्ट्रोक), जुगराज सिंह (35वां मिनट), अभिषेक (41वां मिनट), राज कुमार पाल (43वां मिनट) और दिलप्रीत सिंह (53वां मिनट) ने एक-एक गोल दागा। वहीं, पाकिस्तान की ओर से एकमात्र गोल अबू महमूद ने 13वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर किया।

लगातार 17वीं जीत
इस जीत के साथ भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ सभी स्तरों पर लगातार 17वीं जीत दर्ज की और पिछले एक दशक से जारी अपना दबदबा कायम रखा।
विज्ञापन

अंक तालिका में भारत को फायदा
इस जीत के बाद भारत 15 मैचों में 17 अंकों के साथ अंक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गया। भारत ने स्पेन (16 अंक) को पीछे छोड़ दिया है। दूसरी ओर पाकिस्तान की टीम 15 मैचों में लगातार 15वीं हार झेलते हुए अब भी बिना किसी अंक के सबसे नीचे बनी हुई है।

आंकड़ों में भी भारत का दबदबा
  • भारत ने 36 सर्किल पेनिट्रेशन किए, जबकि पाकिस्तान 18 ही कर सका।
  • भारत को 13 पेनल्टी कॉर्नर मिले, जिनमें से तीन को गोल में बदला।
  • पाकिस्तान को छह पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन वह केवल एक ही गोल कर सका।
  • भारतीय मिडफील्ड में हार्दिक सिंह और मनप्रीत सिंह ने शानदार खेल दिखाया, जबकि अभिषेक, दिलप्रीत सिंह और मंदीप सिंह ने लगातार पाकिस्तानी रक्षा पंक्ति पर दबाव बनाए रखा।

हार्दिक सिंह बने 'प्लेयर ऑफ द मैच'
मिडफील्ड में शानदार प्रदर्शन और एक गोल करने वाले हार्दिक सिंह को उनके बेहतरीन खेल के लिए एफआईएच प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

मैच का हाल
पाकिस्तान ने 13वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के जरिए बढ़त बनाई, लेकिन भारत ने जल्द ही वापसी की। 19वें मिनट में सुखजीत सिंह ने बराबरी का गोल किया और 26वें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी। दूसरे हाफ में भारत ने मैच पर पूरी तरह कब्जा जमा लिया। 34वें मिनट में हार्दिक ने पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल किया, जबकि अगले ही मिनट जुगराज सिंह ने शानदार फील्ड गोल कर स्कोर 4-1 कर दिया। इसके बाद अभिषेक, राज कुमार पाल और दिलप्रीत सिंह ने भी गोल दागे और भारत ने 7-1 की बड़ी जीत दर्ज की। अंतिम मिनटों में पाकिस्तान को लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन भारतीय डिफेंस ने उन्हें नाकाम कर मैच अपने नाम कर लिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें