फीफा विश्व कप 2022 का फाइनल मुकाबला अर्जेंटीना और फ्रांस के बीच खेला गया। यह मुकाबला जीतने के साथ ही अर्जेंटीना ने तीसरी बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। एक्सट्रा टाइम तक यह मैच 3-3 की बराबरी पर था और पेनल्टी शूटआउट में मैच का नतीजा निकला। अर्जेंटीना ने फ्रांस को 4-2 से हराकर खिताब पर कब्जा किया। इसके साथ ही चैंपियन अर्जेंटीना की टीम को 347 करोड़ रुपये इनाम के रूप में मिले। यहां हारने वाली फ्रांस की टीम भी 248 करोड़ रुपये घर ले गई। फाइनल मैच खेलने वाली अर्जेंटीना और फ्रांस की टीम को कुल 595 करोड़ रुपये मिले।
पिछले साल की उपविजेता क्रोएशिया की टीम इस बार तीसरे स्थान पर रही और इस टीम को 223 करोड़ रुपये दिए गए। वहीं, पहली बार सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली मोरक्को की टीम चौथे स्थान पर रही और इस टीम को 206 करोड़ रुपये मिले।
ब्राजील, नीदरलैंड, पुर्तगाल, इंग्लैंड ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी। इन चारों टीमों को 140 करोड़ रुपये दिए गए। अमेरिका, सेनेगल, ऑस्ट्रेलिया, पोलैंड, स्पेन, जापान, स्विट्जरलैंड, दक्षिण कोरिया की टीम अंतिम 16 में हारकर बाहर हुई थीं। इन सभी टीमों को 107 करोड़ रुपये इनाम के रूप में दिए गए। ग्रुप स्टेज में ही हारकर बाहर होने वाली कतर, इक्वाडोर, वेल्स, ईरान, मैक्सिको, सऊदी अरब, डेनमार्क, ट्यूनीशिया, कनाडा, बेल्जियम, जर्मनी, कोस्टा रिका, सर्बिया, कैमरून, घाना, उरुग्वे की टीम को 75 करोड़ रुपये का इनाम दिया गया।
फीफा विश्व कप में सभी मैच हारने वाली टीम भी आईपीएल चैंपियन से तीन गुना से ज्यादा प्राइज मनी लेकर घर गई। मेजबान कतर की टीम इस विश्व कप में सभी मैच हारी थी। इसके बावजूद इस टीम को 75 करोड़ रुपये मिले। फीफा की कुल ईनामी राशि लगभग 3640 करोड़ रुपये है। पिछले विश्व कप की तुलना में इसमें 330 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।
किस टीम को कितना इनाम
| टीम |
इनामी राशि |
स्थान |
| अर्जेंटीना |
347 करोड़ रुपये |
विजेता |
| फ्रांस |
248 करोड़ रुपये |
उपविजेता |
| क्रोएशिया |
223 करोड़ रुपये |
तीसरा स्थान |
| मोरक्को |
206 करोड़ रुपये |
चौथा स्थान |
| ब्राजील, नीदरलैंड, पुर्तगाल, इंग्लैंड |
140 करोड़ रुपये |
क्वार्टर फाइनल |
| अमेरिका, सेनेगल, ऑस्ट्रेलिया, पोलैंड, स्पेन, जापान, स्विट्जरलैंड, दक्षिण कोरिया |
107 करोड़ रुपये |
अंतिम-16 |
| कतर, इक्वाडोर, वेल्स, ईरान, मैक्सिको, सऊदी अरब, डेनमार्क, ट्यूनीशिया, कनाडा, बेल्जियम, जर्मनी, कोस्टा रिका, सर्बिया, कैमरून, घाना, उरुग्वे |
75 करोड़ रुपये |
ग्रुप स्टेज |