उभरती अंडमान निकोबार की रायडर डिबोरा का जूनियर एशियाई साइकिलिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन का सिलसिला जारी है। डिबोरा ने शनिवार को इंदिरा गांधी वेलड्रोम में मलेशियाई रायडर फरीहा शाह को बेहदसंघर्षपूर्ण मुकाबले में हराकर जूनियर स्प्रिंट के फाइनल में जगह बनाई।
अब उनका मुकाबला कोरिया की यून ही जांग से होगा। डिबोरा ने साफ कर दिया है कि सोमवार को उनके लक्ष्य में गोल्ड रहेगा। वह इसके लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगी। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की लड़ाकू प्रवत्ति से प्रभावित होकर डिबोरा ने भी अपने अंदर इस आदत को डालने की कोशिश शुरू कर दी है।
डिबोरा ने रेस पूरी करने के बाद कहा कि उन्होंने बेहद आसानी से लैप पूरा किया लेकिन उन्हें कोच ने बताया कि महज .05 सेकेंड से ही उन्होंने मलेशियाई रायडर को पीछे छोड़ा है। इस रेस के अलावा टीम परस्यूट में भी डिबोरा ने भारत को पदक की दौड़ में शामिल करा रखा है।
वहीं पाकिस्तान की आठ सदस्यीय टीम वीजा मिलने के बाद आज दिल्ली पहुंच गई। इराक की टीम भी यहां आ गई है।