फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में बवाल: ग्लास्गो के रेस्तरां में भारत के गलत नक्शे पर विवाद; लवलीना भड़कीं, लगाई क्लास

Sun, 02 Aug 2026 12:07 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, ग्लास्गो

सार

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के दौरान ग्लास्गो के एक भारतीय रेस्तरां में भारत का अधूरा नक्शा छपे नैपकिन दिए जाने से विवाद खड़ा हो गया। ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने पूर्वोत्तर को नक्शे से गायब दिखाए जाने पर आपत्ति जताई, जबकि बीएफआई अध्यक्ष अजय सिंह ने भी इसे तुरंत सुधारने की मांग की।
विज्ञापन
लवलीना बोरगोहेन - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के दौरान ग्लास्गो के एक भारतीय रेस्तरां में भारत के गलत नक्शे को लेकर विवाद खड़ा हो गया। न्यूज एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, भारतीय दल के खिलाड़ियों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान परोसे गए नैपकिन पर छपे भारत के नक्शे में पूर्वोत्तर राज्यों को नहीं दिखाया गया था। इस पर ओलंपिक कांस्य पदक विजेता और भारतीय मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने कड़ी आपत्ति जताई। लवलीना ने ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीता। उन्हें फाइनल में हार मिली।

विज्ञापन

लवलीना ने कहा- हर हिस्सा भारत के लिए महत्वपूर्ण
असम की रहने वाली लवलीना ने नैपकिन पर छपे नक्शे को देखते ही अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा, 'नैपकिन पर बने नक्शे में हमारा पूर्वोत्तर नहीं दिखाया गया है। बाहर भी मैप लगा है, उसमें भी हमारा नॉर्थ ईस्ट नहीं है। ये मुझे बहुत बुरा लगा। भारत का हर हिस्सा महत्वपूर्ण है और उसे सही तरीके से दिखाया जाना चाहिए।' उनकी इस टिप्पणी के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया।
 

बीएफआई अध्यक्ष ने भी जताई आपत्ति
भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) के अध्यक्ष अजय सिंह ने भी रेस्तरां द्वारा इस्तेमाल किए गए नक्शे पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नैपकिन पर केवल पूर्वोत्तर ही नहीं, बल्कि जम्मू-कश्मीर का भी अधूरा चित्रण किया गया है। उन्होंने रेस्तरां प्रबंधन से अपील करते हुए कहा, 'सिर्फ नॉर्थ ईस्ट नहीं, इसमें कश्मीर भी पूरा नहीं है। गलत नक्शे वाले सभी नैपकिन तुरंत हटाए जाएं और उनकी जगह भारत की संपूर्ण भौगोलिक सीमा को सही ढंग से दर्शाने वाले नक्शे का इस्तेमाल किया जाए।'

रेस्तरां की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं
ग्लास्गो का 'मिस्टर सिंह्स इंडिया – द होम ऑफ करी' शहर के लोकप्रिय भारतीय रेस्तरां में शामिल है। पिछले तीन दशकों से संचालित यह रेस्तरां अक्सर विभिन्न देशों के खिलाड़ियों और विशिष्ट मेहमानों की मेजबानी करता रहा है। हालांकि, विवाद सामने आने के बाद भी रेस्तरां प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
विज्ञापन

भारतीय मुक्केबाजों ने रचा इतिहास
यह विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब भारतीय मुक्केबाजी टीम ने ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। भारत ने मुक्केबाजी में रिकॉर्ड 10 पदक जीते, जिनमें सात स्वर्ण और तीन रजत शामिल रहे। प्रीति पवार, जैस्मिन लंबोरिया, साक्षी चौधरी, प्रिया घंघास, अरुंधति चौधरी, सचिन सिवाच और अंकुश पंघाल ने स्वर्ण पदक जीते, जबकि जादूमणि सिंह, लवलीना बोरगोहेन और नरेंद्र बेरवाल ने रजत पदक अपने नाम किए। इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के बीच भारत के गलत नक्शे को लेकर उठा विवाद भी चर्चा का केंद्र बन गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें