राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुष हॉकी के फाइनल में भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 7-0 से हार गई। उसके पास स्वर्ण पदक जीतने का मौका था, लेकिन टीम ने शर्मनाक प्रदर्शन किया। टीम इंडिया को रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा है। ऑस्ट्रेलिया लगातार सातवीं बार चैंपियन बना है। वह राष्ट्रमंडल खेलों में हर बार पुरुष हॉकी का स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहा है। भारत को 2010 और 2014 में भी रजत पदक मिला था। तब ऑस्ट्रेलिया ने ही उसे क्रमश: 8-0 और 4-0 से हराया था।
बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में यह आखिरी इवेंट था। भारतीय टीम जीत के साथ अंत नहीं कर पाई। भारत को इस राष्ट्रमंडल खेल में 22 स्वर्ण, 16 रजत और 23 कांस्य मिले हैं। इस तरह भारत ने कुल 61 पदक अपने नाम किए।