फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CWG: भारत को आठवें दिन मिले 3 और स्वर्ण पदक

Fri, 01 Aug 2014 12:12 PM IST
अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
भारत के विकास गौड़ा ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स की एथलेटिक्स प्रतियोगिता में बृहस्पतिवार को स्वर्णिम प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की डिस्कस थ्रो स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीत लिया।
विज्ञापन


भारत का एथलेटिक्स मुकाबलों में इन खेलों में यह पहला स्वर्ण और ओवरआल 13वां स्वर्ण था। अमेरिका के रहने वाले भारतीय गौड़ा ने 64.32 मीटर की थ्रो के साथ फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था।

गौड़ा का इस सत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 65.62 मीटर और व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 66.28 मीटर था। फाइनल में गौड़ा ने 63.64 मीटर की थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता। साइप्रस के एपेसतोलोस पेरेलिस ने 63.32 मीटर के साथ रजत और जमैका के जैसन मोर्गन ने 62.34 मीटर की थ्रो के साथ कांस्य पदक जीता।
विज्ञापन


विकास ने अपने पहले प्रयास में 60.63 मीटर, दूसरे प्रयास में 62.09 मीटर, तीसरे प्रयास में 63.64 मीटर और पांचवें प्रयास में 62.17 मीटर चक्का फेंका। उनका चौथा और छठा प्रयास फाउल रहा। गौड़ा ने चार वर्ष पहले दिल्ली कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीता था लेकिन इस बार उन्होंने स्वर्ण पदक जीतने का सपना पूरा कर लिया।

वहीं, भारत की टिंटू लुका महिलाओं की 800 मीटर रेस में क्वालीफाई करने से नामाक रही। टिंटू सेमीफाइनल में सातवें स्थान पर रही। भारत ने खेलों के आठवें दिन इस तरह कुश्ती में दो और एथलेटिक्स में एक स्वर्ण पदक जीत लिया। भारत अब 13 स्वर्ण, 20 रजत और 14 कांस्य पदक सहित कुल 47 पदक जीतकर पदक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गया।

कुश्ती में मिले 2 और स्वर्ण

20वें राष्ट्रमंडल खेलों के आठवें दिन भारत की झोली में कुश्ती से 2 और स्वर्ण पदक आ गए हैं। ओलंपिक पदक विजेता योगेश्वर दत्त ने देश को 12वां स्‍वर्ण पदक दिलवाया।

इससे पहले कुश्ती में महिला वर्ग में 55 किलोग्राम में बबीता कुमारी ने भारत को चौथा स्वर्ण पदक दिलाया। भारत का कुश्ती में यह चौथा स्वर्ण पदक है।

कुश्ती स्पर्धा शुरू होने के पहले दिन भारत ने तीन स्वर्ण पदक जीते थे लेकिन दूसरे दिन चार पहलवान फाइनल में पहुंचे लेकिन उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

63 किलोग्राम में गीतिका जाखड़ ने देश्‍ा को कुश्ती में रजत पदक दिलाया।

बबीता ने जीता गोल्ड, गीतिका को रजत

योगेश्वर दत्त से पहले आज दो और भारतीय महिला पहलवानों ने फाइनल में जगह बनाई। बबीता कुमारी (55 किग्रा वर्ग) ने शानदार खेल दिखाते हुए देश को आज कुश्ती में चौथा गोल्ड दिलाया। भारत के 4 पहलवान कल फाइनल में पहुंचे थे लेकिन उन्हें रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा।

कनाडा की ब्रितानी लावेरदूरे को एकतरफा अंदाज में 9-2 से भारत को दिन का पहला स्वर्ण पदक दिलाया। इससे पहले टूर्नामेंट के आठवें दिन भी पहलवानों ने बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखा। बबीता ने इंग्लैंड की लुईसा पोर्गोवस्का को एकतरफा अंदाज में हराकर सेमीफाइनल का मुकाबला जीता।

बबीता के अलावा गीतिका जाखड़ (63 किग्रा वर्ग) ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रमंडल खेलों की फ्रीस्टाइल कुश्ती प्रतियोगिता के फाइनल में प्रवेश किया, लेकिन वे हार गईं।

28 वर्षीय गीतिका ने सेमीफाइनल में वेल्स की सारा कोनोली को हराकर फाइनल में जगह बनाई। गीतिका कनाडा की डेनिएला लपांगे से मुकाबला हार गईं और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

योगेश्वर ने दिलाया देश को कुश्ती में पांचवां गोल्ड

लंदन ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता योगेश्वर दत्त ने 65 किग्रा भार वर्ग में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों की फ्रीस्टाइल कुश्ती स्पर्धा में देश को एक और गोल्ड दिला दिया। कुश्ती में यह भारत का पांचवां गोल्ड है।

सुशील कुमार के बाद अब उनके दोस्त योगेश्वर ने भी उम्मीद के अनुरूप अपने प्रदर्शन को जारी रखा और कनाडा के बेलफोर्ड को एकतरफा अंदाज में 10-0 से मात दी। अपने आदर्श और टीम के कप्तान सुशील के अंदाज में ही योगेश्वर ने भी फाइनल मुकाबले का अंत किया और दो मिनट से भी कम समय में विपक्षी को धूल चटाकर स्वर्ण अपने कब्जे में कर लिया। फाइनल में भी योगेश्वर ने अपने ट्रेडमार्क तकनीक फितले का सहारा लिया जिसके बाद कनाडाई पहलवान के सामने कोई चारा ही नहीं बचा।

योगेश्वर ने सेमीफाइनल मुकाबले में श्रीलंका के पहलवान को एकतरफा मुकाबले में बेहतरीन दांव लगाते हुए चित कर दिया और पहले ही राउंड में 10 अंक लेकर फाइनल में प्रवेश किया था।

इससे पहले क्वार्टर फाइनल में भारतीय पहलवान ने मेजबान स्कॉटलैंड के गैरेथ जोंस को इसी तरह से पहले ही राउंड में एक के बाद एक 10 अंक बटोरकर निपटा दिया था।

पवन ने जीता कांस्य पदक

ऐसा नहीं है कि कुश्ती में भारत के सभी पहलवानों को जीत मिली हो, कुछ ऐसे भी पहलवान हैं जिन्हें निराशा हाथ लगी है।

पुरुष वर्ग में 86 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग की प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में पवन कुमार को कनाडा के तामेरलान तागजिएव के हाथों पराजय झेलनी पड़ा।

हालांकि पवन कुमार ने 86 किलो फ्रीस्टाइल वर्ग में पाकिस्तान के मोहम्मद इनाम को तकनीकी प्वाइंट के आधार पर 3-1 से हराकर कांस्‍य पदक अपने नाम किया।
विज्ञापन

विजेंदर ने जगाई गोल्ड की उम्मीद

स्टार मुक्केबाज विजेंदर सिंह ने उम्मीद के अनुरूप जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए पुरुषों के 75 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में प्रवेश कर गोल्ड की उम्मीद जगा दी है। दूसरी ओर मनदीप जांगड़ भी वाकओवर मिलने के बाद सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं जिससे मुक्केबाजी में एक और पदक निश्चित हो गई है।

2008 लंदन ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता विजेंदर ने बुधवार को अपना धैर्य और शानदार प्रदर्शन जारी रखा और पुरुषों के 75 किग्रा मिडल वर्ग में त्रिनिदाद एंड टोबैगो के आरोन प्रिंस को अपने जोरदार मुक्कों से संभलने का मौका नहीं। हरियाणा के 28 वर्षीय विजेंदर ने लगभग एकतरफा अंदाज में 3-0 से जीत अपने नाम कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

शुक्रवार को होने वाले सेमीफाइनल में विजेंदर का मुकाबला अब उत्तरी आयरलैंड के कोनोर कोएले से होगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें